यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 26, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
इजरायल बनेगा भारत का जल रणनीतिक साझेदार
6 जुलाई से शुरु हो ही रही यह किसी भी भारतीय पीएम की पहली यात्रा होगी और दोनों देशों की तरफ से इसे ऐतिहासिक बनाने की तैयारी है।

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। अमेरिका समेत तीन देशों की यात्रा से बुधवार को स्वदेश लौटते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल की यात्रा तैयारियों में जुट जाएंगे। छह जुलाई से शुरू हो ही रही इस यात्रा को दोनों देशों की तरफ से ऐतिहासिक बनाने की तैयारी है। किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली इजरायल यात्रा होगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच जिन संधियों पर हस्ताक्षर किए जाने हैं उनमें जल रणनीतिक साझेदारी का समझौता भी शामिल है। भारत इस तरह का समझौता पहली बार किसी दूसरे देश के साथ करने जा रहा है।
मोदी की इस यात्रा के प्रति इजरायल सरकार किस कदर उत्साहित है उसका अंदाजा प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतनयाहू की तरफ से किए गए कई ट्वीटों से लगाया जा सकता है। आम तौर पर दूसरे देश के प्रधानमंत्री या राष्ट्राध्यक्ष मेहमान नेता की यात्रा शुरू होने से एक या दो दिन पहले उनके स्वागत में ट्वीट करते हैं, लेकिन मोदी की इजरायल यात्रा शुरू होने में अभी नौ दिन शेष हैं।
नेतनयाहू ने मोदी को अपना मित्र बताते हुए उनकी आधिकारिक यात्रा शुरू होने का ऐलान किया और इसे एक ऐतिहासिक यात्रा बताया है। उन्होंने एक दूसरे ट्वीट में लिखा, 70 वर्षो में पहली बार कोई भारतीय प्रधानमंत्री इजरायल आ रहा है जो उनके देश की बढ़ती हुई ताकत को बताता है। उन्होंने दोनों देशों के आपसी रिश्ते और मजबूत होने की बात भी दोहराई। नेतनयाहू ने बताया कि उनकी सरकार जल्द ही ऐसे फैसले करेगी जो भारत-इजरायल के बीच कृषि व जल क्षेत्र में मौजूदा रिश्तों को और मजबूत करेंगे। दोनों देशों की तरफ से शोध व विकास के लिए एक विशेष कोष भी बनाए जाने के आसार हैं। इजरायल की नजर भारत से आने वाले पर्यटकों पर भी है। पर्यटन क्षेत्र में भी दोनों देशों के बीच एक समझौता होगा।
वैसे भारत व इजरायल के बीच बहुत ही गहरे रणनीतिक संबंध हैं। महज दो दशकों में इजरायल भारत का एक अहम हथियार आपूर्तिकर्ता देश बन गया है। मोदी की यात्रा के दौरान सैन्य साजो समान की आपूर्ति को लेकर और भी समझौते होने के आसार हैं। लेकिन जिस क्षेत्र में दोनों देशों के अधिकारियों के बीच काफी ज्यादा उत्साह है वह है जल क्षेत्र।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच जल रणनीतिक साझेदार बनने के विकल्प पर बातचीत हुई है जिसे इस यात्रा के दौरान अंतिम रूप दिया जा सकता है। इजरायल को जल तकनीक के क्षेत्र में दुनिया का अग्रणी देश माना जाता है। वैसे इजरायल के सहयोग से भारत में पहले से ही जल संरक्षण व पेयजल के मामले में काम हो रहा है, लेकिन भारत सरकार इसे बड़े पैमाने पर विस्तार देना चाहती है। खास तौर पर भारत असिंचित इलाकों में सिंचाई के जरिये कृषि उत्पादकता बढ़ाने की तकनीक हासिल करना चाहता है।
यह भी पढ़ें: इजरायल में हुए पहले IS हमले में महिला अधिकारी की मौत