'ऑपरेशन सिंदूर' से बौखलाई ISI के निशाने पर अब बंगाल के सैन्य ठिकाने, जासूसी का जाल फैलाने की साजिश
पहलगाम आतंकी हमले के प्रतिशोध में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' से बौखलाकर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI अब बंगाल के संवेदनशील सैन्य ठिकानों को निशाना बना रही है।

ISI बंगाल के सैन्य ठिकानों पर कर रही जासूसी (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद ISI बंगाल के सैन्य ठिकानों पर जासूसी।
बंगाल में पांच संदिग्ध ISI एजेंटों की गिरफ्तारी, जासूसी का पर्दाफाश।
पाकिस्तान वायुसेना ठिकानों की जासूसी कर भारतीय सेना को कमजोर दिखाना।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले के प्रतिशोध में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' की गहरी चोट से पाकिस्तान और उसकी खुफिया एजेंसी आइएसआइ बुरी तरह बौखला गई है।
लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे आतंकी संगठनों की कमर टूटने के बाद आईएसआई ने अब भारत के खिलाफ जासूसी का अपना जाल और व्यापक कर दिया है। ताजा खुफिया इनपुट के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली के बाद अब बंगाल के संवेदनशील सैन्य ठिकाने आईएसआई के मुख्य निशाने पर हैं।
खुफिया ब्यूरो (आईबी) के एक अधिकारी के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर के बाद आईएसआई ने इन तीनों आतंकी संगठनों की कमान सीधे अपने हाथों में लेकर एक एकीकृत ढांचा तैयार किया है। इसके साथ ही, बंगाल में सैन्य जानकारियां जुटाने के लिए जासूसों को सक्रिय किया गया है। अगस्त से नवंबर के बीच राज्य में पांच संदिग्ध आईएसआई एजेंटों की गिरफ्तारी ने इस गहरी साजिश से पर्दा उठा दिया है। अगस्त में दिनहाटा से तीन लोगों को सिम कार्ड खरीदने और नकली नोट चलाने के आरोप में दबोचा गया था।
नवंबर में हुई गिरफ्तारियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है। सिलीगुड़ी के बागडोगरा हवाई अड्डे के पास से पकड़ा गया अशरफुल आलम भिखारी के भेष में संवेदनशील सैन्य जानकारियां जुटा रहा था। पूछताछ में उसने खुद को बांग्लादेश का पूर्व खुफिया अधिकारी बताया, जो महानंदा नदी पार कर अवैध रूप से भारत में घुसा था।
इसी तरह, मोहम्मद सलीम हुसैन को बागडोगरा और हासीमारा वायुसेना ठिकानों की रेकी करने के संदेह में पकड़ा गया है, जिसके तार ढाका स्थित एक पाकिस्तानी राजनयिक से जुड़े बताए जा रहे हैं।
अधिकारियों का मानना है कि बालाकोट एयरस्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय वायुसेना की निर्णायक भूमिका का बदला लेने के लिए पाकिस्तान खास तौर पर वायुसेना के अड्डों की जासूसी करा रहा है। उसकी दोहरी रणनीति के तहत न केवल सामरिक सूचनाएं जुटाई जा रही हैं, बल्कि चुनिंदा जानकारियों को सार्वजनिक कर भारतीय सेना की छवि धूमिल करने और उसे कमजोर दिखाने की भी साजिश है।
इस साल अब तक राजस्थान, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और दक्षिण भारत में जासूसी और हनी-ट्रैपिंग के 12 मामले सामने आ चुके हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने और युवाओं का निगरानी मॉड्यूल तैयार करने के लिए आईएसआई ने शहजाद भट्टी जैसे मोहरों को भी तैनात किया है, ताकि पूरे देश में अपनी नापाक नजरें गड़ाई जा सकें।
(न्यूज एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।