वाशिंगटन पर ‘डर्टी बम’ हमले की तैयारी में ईरान, अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट का दावा
अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने दावा किया है कि ईरान वाशिंगटन पर 'डर्टी बम' या रासायनिक हमले की योजना बना रहा है, हालांकि तत्काल हमले की आशंका नहीं है।

वाशिंगटन पर ‘डर्टी बम’ हमले की तैयारी में ईरान। (रॉयटर्स)
HighLights
ईरान वाशिंगटन पर 'डर्टी बम' हमले की योजना बना रहा है।
अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने हमले की आशंका जताई, ईरान ने नकारा।
ट्रंप ने ईरान को गंभीर परिणामों की चेतावनी दी है।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अमेरिका और ईरान के बीच टकराव का खतरा और बढ़ गया है। अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने दावा किया है कि ईरान ने अमेरिकी राजधानी वाशिंगटन को निशाना बनाने के लिए ‘डर्टी बम’ या रासायनिक हथियार से हमले की योजना तैयार की है।
हालांकि, रिपोर्ट में तत्काल हमले की आशंका नहीं जताई गई है, लेकिन हालात बिगड़ने पर इस्तेमाल के लिए संभावित ठिकानों और लक्ष्यों की पहचान किए जाने की बात कही गई है। ईरान ने इन दावों को खारिज किया है।
न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने इस रिपोर्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान को ऐसी गलती नहीं करनी चाहिए। ट्रंप ने कहा, ''ईरान का कोई भरोसा नहीं है। वे पागल लोग हैं, लेकिन अगर उन्होंने ऐसा किया तो उन्हें ऐसी कीमत चुकानी पड़ेगी, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती।'' उन्होंने कहा कि अमेरिका इस खतरे को बेहद गंभीरता से ले रहा है।
डर्टी बम से रेडियो विकिरण का खतरा
रायटर्स के अनुसार, डर्टी बम में पारंपरिक विस्फोटकों के जरिए रेडियोधर्मी सामग्री फैलाने की कोशिश की जाती है। यह परमाणु बम की तरह परमाणु विस्फोट नहीं करता, लेकिन आसपास के इलाके में रेडियोधर्मी प्रदूषण फैला सकता है। इससे लोगों के स्वास्थ्य को खतरा होने के साथ बड़े पैमाने पर दहशत और अफरातफरी पैदा हो सकती है।
खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक, हमले का मकसद किसी खास लक्ष्य को सटीक निशाना बनाने के बजाय आतंक फैलाना हो सकता है। एक सूत्र ने इसे आत्मघाती हमले जैसी कार्रवाई की आशंका से जोड़ते हुए कहा कि इससे कुछ इलाके लंबे समय तक रहने योग्य नहीं रह सकते। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों ने तत्काल हमले का कोई संकेत नहीं दिया है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी दावों को निराधार बताया है।
बहरीन में अमेरिकी रडार प्रणाली पर हमला
इस बीच, कूटनीतिक बातचीत के बावजूद ईरान ने मंगलवार को बहरीन में अमेरिकी सैन्य रडार प्रणाली को ड्रोन से निशाना बनाया। एएनआई के अनुसार, ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) ने कहा कि उसने अल-रिफा हेलीकॉप्टर अड्डे और शेख ईसा सैन्य अड्डे पर रडार प्रणाली को निशाना बनाया।
ईरान ने इसे अमेरिकी कार्रवाइयों के जवाब में की गई कार्रवाई बताया। बहरीन ने दावा किया कि उसने हमले को नाकाम कर दिया और किसी के हताहत होने या नुकसान की खबर नहीं है। उल्लेखनीय है कि अमेरिकी पांचवें बेड़े का मुख्यालय बहरीन में स्थित है।
ओमान और कतर के जरिए बातचीत की कोशिश
सैन्य तनाव के बीच कूटनीतिक प्रयास भी जारी हैं। कतर और ईरान के अधिकारियों के बीच दोहा में शांति वार्ता को लेकर बैठक प्रस्तावित है। वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ओमान के दौरे पर हैं। उन्होंने ओमान के विदेश मंत्री से समुद्री मार्गों की सुरक्षा और वैश्विक जहाजरानी तथा व्यापार का निर्बाध प्रवाह सुनिश्चित करने पर चर्चा की।
इससे पहले रविवार को बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरानी हमले हुए थे। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने इसकी निंदा की। उन्होंने बहरीन के विदेश मंत्री अब्दुल्लतीफ बिन राशिद अल जायनी से बातचीत कर खाड़ी देशों की सुरक्षा के प्रति अमेरिकी प्रतिबद्धता दोहराई।
काला सागर में दो दिन में दो जहाज डूबे
उधर, काला सागर में बुल्गारिया के विशेष आर्थिक क्षेत्र के पास मंगलवार को लाइबेरिया के झंडे वाला गैस टैंकर 'गैस हस्की' डूब गया। एपी के अनुसार, जहाज पर सवार 19 फिलिपिनो नाविकों की तलाश और बचाव अभियान में बुल्गारिया के सैन्यकर्मी और विमान लगाए गए हैं।
जहाज तट से करीब 100 किलोमीटर दूर डूबा। यह मिस्र के अलेक्जेंड्रिया से रोमानिया के मिदिया बंदरगाह जा रहा था। इससे एक दिन पहले सोमवार को उसी क्षेत्र में सोमालिया के झंडे वाला मालवाहक जहाज भी डूब गया था। हालांकि, उस पर सवार सभी 12 नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।