विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

निकाह में फिजूलखर्ची छोड़ बच्चों की शिक्षा पर खर्च करें पैसा, मौलाना असगर अली की बड़ी अपील

Published: Fri, 27 Nov 2026 06:53 AM (IST)

मौलाना असगर अली ने कहा कि निकाह सादगी से होना चाहिए। उन्होंने सूदखोरी, शराब, नशाखोरी और जुए जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की भी अपील की।

निकाह में फिजूलखर्ची छोड़ बच्चों की शिक्षा पर खर्च करें पैसा- मौलाना असगर अली

निकाह में फिजूलखर्ची छोड़ बच्चों की शिक्षा पर खर्च करें पैसा- मौलाना असगर अली

HighLights

  1. राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सुधार सम्मेलन में जुटे विभिन्न विचारधाराओं के उलेमा

  2. शादी में दिखावा व दहेज से बचने की अपील, आपसी भाईचारा समाज की मजबूती का आधार

जागरण संवाददाता, प. सिंहभूम्। अमीर मरकजी जमीयत अहले हदीस हिंद, नई दिल्ली के मौलाना असगर अली इमाम ने कहा है कि निकाह और शादी-विवाह में फिजूलखर्ची तथा दिखावे पर पैसा खर्च करने के बजाय बच्चों की शिक्षा पर राशि लगानी चाहिए।

समाज को अपनी प्राथमिकताएं बदलकर शिक्षा को सबसे बड़ी पूंजी बनाना होगा। वह झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम में खड़पोस अंजुमन इस्लामिया की ओर से आयोजित राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सुधार सम्मेलन को गुरुवार को संबोधित कर रहे थे।

सम्मेलन में देवबंदी, बरेलवी और अहले हदीस विचारधारा से जुड़े उलेमा एक मंच पर जुटे। मौलाना असगर अली ने कहा कि निकाह सादगी से होना चाहिए। उन्होंने सूदखोरी, शराब, नशाखोरी और जुए जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की भी अपील की।

ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड से जुड़े मौलाना मोहम्मद अबू तालिब रहमानी ने धार्मिक शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षा को जरूरी बताया।

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को डॉक्टर, इंजीनियर, आइएएस और आइपीएस बनाने के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल देने की अपील की।

साथ ही बेटियों को भी समान अवसर देने पर जोर दिया। पंजाब के शाही इमाम मौलाना उस्मान लुधियानवी ने सामाजिक एकता के लिए कोल्हान प्रमंडल के तीनों जिलों और ओडिशा के क्योंझर व मयूरभंज में अंजुमन फलाह मुस्लिमीन के गठन का सुझाव दिया।

उन्होंने संगठन के माध्यम से शिक्षा और सामाजिक सुधार के कार्य आगे बढ़ाने की बात कही। हैदराबाद के मौलाना सैयद सगीर इमाम कादरी ने अच्छे आचरण, पारिवारिक सौहार्द और ईमानदारी को बेहतर समाज की बुनियाद बताया।

वहीं, मौलाना इमरान अहमद ने बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षित महिला परिवार और समाज को बेहतर दिशा दे सकती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।