विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूजर्स के अनुभव को सुरक्षित बनाएगा इंस्टाग्राम, आपत्तिजनक पोस्ट की खुद पहचान करेगा AI; मेटा का बड़ा दावा

Published: Tue, 17 Nov 2026 08:51 PM (IST)

इंस्टाग्राम भारत में अपने रिकमेंडेशन सिस्टम को सख्त कर रहा है, जिसमें उन्नत एआई प्रणालियों का उपयोग कर आपत्तिजनक सामग्री की पहुंच कम की जाएगी।

इंस्टाग्राम अब AI से रोकेगा आपत्तिजनक सामग्री की पहुंच

इंस्टाग्राम अब AI से रोकेगा आपत्तिजनक सामग्री की पहुंच

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर स्क्रोल करते हुए अचानक कोई अश्लील या हिंसक वीडियो सामने आ जाए तो यह अनुभव परेशान करने वाला हो सकता है। इंस्टाग्राम अब ऐसी सामग्री की पहुंच घटाने के लिए अपने रिकमेंडेशन सिस्टम को और सख्त बना रहा है।

मेटा ने मंगलवार को बताया कि भारत में इंस्टाग्राम के एल्गोरिदम में बदलाव किए गए हैं। इसके तहत अधिक उन्नत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) प्रणालियों की मदद से आपत्तिजनक सामग्री की पहचान कर उसे यूजर्स तक पहुंचने से पहले ही रिकमेंडेशन से बाहर किया जा सकेगा।

ये बदलाव मुख्य रूप से उन एकाउंट की सामग्री पर लागू होंगे, जिन्हें यूजर फॉलो नहीं करते। यानी रील्स, एक्सप्लोर और फीड में दिखाई जाने वाली सुझाई गई पोस्ट की छंटाई पहले से अधिक सख्ती से होगी। कंपनी के मुताबिक, अब उसकी एआइ प्रणालियां सामग्री का सीधे अनुशंसा दिशानिर्देशों के आधार पर आकलन करेंगी। इसके लिए यूजर की शिकायत या पोस्ट छिपाए जाने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

यह कदम ऐसे समय आया है, जब भारत में इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्मों के एल्गोरिदम की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने 10 अक्तूबर को मेटा को अपनी रैंकिंग और रिकमेंडेशन सिस्टम की समीक्षा करने की सलाह दी थी।

मंत्रालय ने संभावित रूप से भ्रामक, छेड़छाड़ की गई और संदर्भ से काटकर पेश की गई सामग्री को असंगत रूप से बढ़ावा मिलने पर चिंता जताई थी। हालांकि, मेटा ने स्पष्ट नहीं किया कि भारत में किए गए ताजा बदलाव सरकारी परामर्श से जुड़े हैं या नहीं।

कंपनी ने दावा किया कि रिकमेंडेड कंटेंट को लेकर यूजर्स की शिकायतें एक साल पहले की तुलना में आधी रह गई हैं। हालांकि, उसने यह नहीं बताया कि कितनी सामग्री को अनुशंसाओं से बाहर किया गया और शिकायतों में कमी का आकलन किस आधार पर हुआ।

प्रतिबंध और पहुंच घटाने में अंतर

मेटा ने स्पष्ट किया कि अनुशंसा संबंधी नियम और सामुदायिक मानक अलग-अलग हैं। सामुदायिक मानकों का उल्लंघन करने वाली सामग्री प्लेटफार्म से हटा दी जाती है। वहीं, कुछ संवेदनशील या आपत्तिजनक सामग्री नियमों का उल्लंघन नहीं करती, लेकिन उसे अधिक लोगों तक पहुंचाने की अनुशंसा नहीं की जाती। इस तरह सामग्री मंच पर मौजूद रह सकती है, लेकिन उसकी पहुंच सीमित कर दी जाती है।

यूजर के हाथ में भी नियंत्रण

इंस्टाग्राम यूजर्स को 'सेंसिटिव कंटेंट कंट्रोल' के जरिए संवेदनशील सामग्री कम देखने का विकल्प देता है। वे सर्च, रील्स, एक्सप्लोर और सुझाए गए एकाउंट और फीड में कम संवेदनशील सामग्री चुन सकते हैं। 'नाट इंटरेस्टेड' चुनकर वे अपनी पसंद के विपरीत पोस्ट को चिह्नित कर सकते हैं।

'हिडन वर्ड्स' सुविधा से टिप्पणियों और संदेशों में खास शब्दों, वाक्यांशों और इमोजी को फिल्टर किया जा सकता है और एकाउंट ब्लाक किया जा सकता है। किशोरों के लिए 'टीन अकाउंट्स' में उम्र के अनुरूप सुरक्षा सेटिंग भी उपलब्ध हैं। मेटा का कहना है कि यूजर्स की प्रतिक्रिया और बदलती तकनीक के आधार पर वह अपनी अनुशंसा प्रणालियों में सुधार जारी रखेगा।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।