आइएनएस विक्रमादित्य पर जहरीली गैस लीक, दो की मौत
आइएनएस विक्रांत में जहरीली गैस के रिसाव से दो लोगों की मौत हो गयी है। मरने वालों में एक भारतीय नौसेना का जवान और एक सिविलयन है।
नई दिल्ली, आइएएनएस। देश के सबसे बड़े नौसैनिक जहाज आइएनएस विक्रमादित्य में शुक्रवार की शाम बड़ा हादसा हो गया। इस विमान वाहक युद्धपोत के सीवेज प्लांट में जहरीली गैस के रिसाव से दो लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक भारतीय नौसेना का जवान और एक सिविलयन है। इस हादसे में दो अन्य लोग घायल भी हुए हैं।
पढ़ें - आईएनएस विराट में आग लगने से 1 नौसैनिक की मौत
रक्षा सूत्रों के अनुसार गैस लीक होने की घटना शुक्रवार को शाम पांच बजे हुई। विगत एक जून से कर्नाटक के कारवाड़ के जल क्षेत्र में आइएनएस विक्रमादित्य में मरम्मत का काम चल रहा था। जहरीली हवा के रिसाव से बेहोश हुए चार अफसरों को कारवाड़ के नौसेना अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान राकेश कुमार और मोहनदास कोलंबकर की मौत हो गई। नौसेना ने इस हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। जहाज को सुरक्षित करने के सभी उपाय किए गए हैं। इस जहाज को कई हथियारों और सेंसरों से लैस किया गया है।
आइएनएस विक्रमादित्य युद्धपोत कीव क्लास के रूसी विमान वाहक पोत का परिष्कृत भारतीय रूप है। इसे भारतीय नौसेना में वर्ष 2013 में शामिल किया गया था। इसका नाम उज्जैन के यशस्वी राजा विक्रमादित्य के नाम पर रखा गया है।
पढ़ें - चीन पर नजर रखने के लिए आईएनएस विक्रमादित्य माले रवाना