अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी में शामिल थे एमबीए और बीटेक डिग्री वाले, पढ़े-लिखे युवा कर रहे अपनी पढ़ाई का गलत इस्तेमाल
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) ने संयुक्त अभियान मानसून थंडर के तहत चार से 13 नवंबर के बीच कई शहरों में छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया था।

अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी में शामिल थे एमबीए और बीटेक डिग्री वाले (फोटो- AI Generated)
HighLights
भारत-अमेरिका के संयुक्त ड्रग्स ऑपरेशन में कई बड़ी जानकारियां आई सामने
गिरफ्तार आरोपित टी मनोज को 2024 में अमेरिका से किया गया था डिपोर्ट
पीटीआई, नई दिल्ली। भारत और अमेरिका की एजेंसियों के संयुक्त अभियान में अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ होने के बाद जांच में कई चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है।
जांचकर्ताओं के अनुसार, गिरफ्तार छह भारतीयों में से एक को अमेरिका ने वर्ष 2024 में ड्रग्स से जुड़े मामले में डिपोर्ट किया था। वहीं, कुछ अन्य आरोपित एमबीए और बीटेक जैसी उच्च शैक्षणिक डिग्रियां रखते हैं।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) ने संयुक्त अभियान मानसून थंडर के तहत चार से 13 नवंबर के बीच कई शहरों में छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया था।
अधिकारियों के अनुसार, तेलंगाना निवासी 27 वर्षीय टी मनोज को जनवरी 2024 में अमेरिका से प्रतिबंधित ड्रग्स के कारोबार के मामले में डिपोर्ट किया गया था। उसके पास कंप्यूटर साइंस में बीटेक की डिग्री है और वह अमेरिका में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रहा था।
लखनऊ निवासी 30 वर्षीय टीडी जायसवाल एमबीए डिग्रीधारी है और उसका फार्मेसी तथा कपड़ों के कारोबार से जुड़ाव है। वहीं, लखनऊ की 32 वर्षीय आरती सोनी गणित में स्नातक है। कोलकाता निवासी 28 वर्षीय ए मुत्तलिब इंजीनियरिंग डिग्रीधारी है।
जांच एजेंसियों को संदेह है कि इस नेटवर्क के जरिए भारत से अमेरिका में अल्प्राजोलम, ट्रामाडोल, डायजेपाम और अन्य नियंत्रित दवाएं भेजी जाती थीं।
एनसीबी के अनुसार, जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच नेटवर्क ने अमेरिका में करीब पांच लाख टैबलेट वाले लगभग तीन हजार पार्सल भेजे।
जांच में 59 हजार से अधिक ग्राहकों का डाटाबेस भी सामने आया है, जिसे अमेरिकी एजेंसी के साथ साझा किया गया है।
एजेंसियों के अनुसार, आरोपित टेलीग्राम, स्काइप और वाट्सएप के जरिए ऑर्डर लेते थे। भुगतान यूपीआई, बैंक खातों और क्रिप्टोकरेंसी सहित विभिन्न माध्यमों से किया जाता था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस संयुक्त अभियान को बड़ी सफलता बताया है।