मुंबई-दिल्ली विमान में नहीं मिला कोई बम, धमकी किसी की शरारत
इंडिगो सिक्यॉरिटीज को मुंबई एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली दिल्ली-मुंबई फ्लाइट में बम धमाके की धमकी फोन पर मिली है। छानबीन के दौरान नहीं मिली कोई बम
मुंबई, एएनआइ/पीटीआइ। मुंबई-दिल्ली इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी किसी की शरारत थी।दरअसल, इंडिगो की एक फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया था। हालांकि, छानबीन के दौरान विमान में कोई भी बम नहीं मिला, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि विमान को बम से उड़ाने की धमकी देना किसी की शरारत थी। हालांकि अबतक यह नहीं पता चल सका है कि धमकी वाला कॉल किया किसने था?
धमकी भरे कॉल से मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो सिक्यॉरिटीज को मुंबई हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाली दिल्ली-मुंबई फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी भरा फोन कॉल आया था। धमकी भरे कॉल के बाद एयरलाइंस और मुंबई हवाई अड्डे दोनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई। मुंबई से दिल्ली होकर लखनऊ जाने वाले इस विमान में बम रखे होने की धमकी मिलने के बाद शनिवार को उसे उड़ान भरने से रोक दिया गया, हालांकि इंडिगो ने बाद में बताया कि उड़ान को रोका नहीं गया था।
एक घंटे देरी से उड़ा विमान
इंडिगो ने बताया कि एक यात्री ने मुंबई एयरपोर्ट पर हमारे कर्मचारियों को बताया कि मुंबई-दिल्ली फ्लाइट 6 ई 3612 में बम हो सकता है। यात्री बहुत टेंशन में नजर आ रहा था। इस सूचना के बाद छानबीन शुरू हुई, जिस कारण उड़ान में एक घंटे की देरी हुई।
बीटीएसी ने गंभीरत से ली धमकी
बताया जा रहा है कि बम धमकी आकलन समिति (बीटीएसी) ने इस धमकी को गंभीरता से लिया, जिसके बाद विमान को एक खाली स्थान पर ले जाया गया। जांच-पड़ताल के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान को ‘सुरक्षित' घोषित कर दिया।
सुबह 6:05 पर उठना था विमान
जानकारी के मुताबिक, मुंबई हवाई अड्डे से विमान को सुबह छह बजकर पांच मिनट पर प्रस्थान करना था। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि विमान में कितने यात्री सवार थे। इस बीच हवाई अड्डे के एख सूत्र ने बताया है कि गो एयर फ्लाइट जी8 329 से दिल्ली जा रही एक महिला यात्री टी1 पर इंडिगो के चेक-इन काउंटर पर गई और वहां बताया कि इंडिगो की फ्लाइट 6ई 3612 में बम है।'
'...वे राष्ट्र के लिए खतरा हैं'
सूत्र ने बताया, 'महिला यात्री ने कुछ लोगों की तस्वीरें भी दिखाईं और दावा किया कि वे राष्ट्र के लिए खतरा हैं।' इसके बाद सीआईएसएफ के जवान उसे पूछताछ के लिए हवाई अड्डा पुलिस थाने लेकर गए। सूत्र ने कहा, ‘सीआईएसएफ के सहायक कमांडर के कार्यालय में बीटीएसी की बैठक बुलाई गई, जिसमें धमकी को विशिष्ट बताया।'