27 अक्टूबर तक सऊदी और 31 अक्टूबर तक रियाद... सुरक्षा की खातिर इंडिगो ने उड़ानें की रद
इंडिगो ने दम्मम हवाई अड्डे पर हुए हमले के बाद सऊदी अरब के रियाद, जेद्दा, दम्मम और मदीना के लिए अपनी उड़ानें रद कर दी हैं।

इंडिगो ने रद की उड़ानें। (फाइल फोटो।)
HighLights
इंडिगो ने सऊदी अरब की उड़ानें रद्द कीं।
दम्मम हवाई अड्डे पर हमले के बाद सुरक्षा चिंताएं बढ़ीं।
रियाद की उड़ानें 31 अक्टूबर तक, अन्य 27 अक्टूबर तक।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सऊदी अरब के दम्मम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए घातक हमले के बाद वहां की सुरक्षा स्थिति को देखते हुए इंडिगो ने रियाद आने-जाने वाली अपनी उड़ानों को 31 अक्टूबर तक रद कर दिया है। वहीं, जेद्दा, दम्मम और मदीना के लिए सेवाएं 27 अक्टूबर तक निलंबित रहेंगी।
एक्स (पहले ट्विटर) पर जारी एक ट्रैवल एडवाइजरी में एयरलाइन ने बताया कि यह फैसला मौजूदा सुरक्षा स्थिति का बारीकी से आकलन करने के बाद लिया गया है।
एयरलाइन ने क्या बयान जारी किया?
एयरलाइन ने कहा, “यात्रा परामर्श। सुरक्षा की बदलती स्थिति को देखते हुए और सावधानीपूर्वक आकलन करने के बाद रियाद आने-जाने वाली इंडिगो की उड़ानें 31 अक्टूबर 2026 (इस तारीख सहित) तक रद रहेंगी, जबकि जेद्दा, दम्मम और मदीना आने-जाने वाली उड़ानें 27 अक्टूबर 2026 (इस तारीख सहित) तक रद रहेंगी।”
प्रभावित यात्रियों से कैसे किया जा रहा संपर्क?
इंडिगो ने कहा कि वह स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है और हालात का जायजा लेने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ तालमेल बिठा रही है। एयरलाइन ने कहा, "हमारे ग्राहकों और क्रू की सुरक्षा और भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।" साथ ही बताया कि प्रभावित यात्रियों को बुकिंग के समय दी गई संपर्क जानकारी के जरिए सूचित किया जा रहा है।
एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर चेक कर लें। साथ ही फ्लाइट रद होने की वजह से हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया।
यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। सऊदी अधिकारियों के अनुसार, बुधवार शाम दम्मम के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए एक हमले में एक भारतीय नागरिक समेत दो लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।
