'45 अरब डॉलर तक पहुंचने वाली है भारत की स्पेस इकोनॉमी', बोले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत की स्पेस इकोनमी अगले एक दशक से भी कम समय में बढ़कर 40-45 अरब डॉलर होने की संभावना है, जिसमें निजी क्षेत्र की अहम भूमिका होगी।

भारत की स्पेस इकोनमी 45 अरब डॉलर तक बढ़ेगी (केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, फोटो: @DrJitendraSingh/X)
HighLights
भारत की स्पेस इकोनमी 45 अरब डॉलर तक बढ़ेगी
निजी क्षेत्र की भूमिका अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में अहम होगी
अंतरिक्ष तकनीक से बचत और कार्यक्षमता में सुधार होगा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को कहा कि भारत की स्पेस इकोनमी अगले एक दशक से भी कम समय में बढ़कर 40-45 अरब डालर होने की संभावना है। इसमें निजी क्षेत्र की अहम भूमिका होगी। भारत की स्पेस इकोनमी फिलहाल करीब नौ अरब डालर की है।
नई दिल्ली में इंडियन स्पेस एसोसिएशन (इस्पा) द्वारा भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के सहयोग से आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष सम्मेलन में जितेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि भारत की स्पेस इकोनमी के आर्थिक योगदान का आकलन केवल राकेट लांचिंग, उपग्रह निर्माण के आधार पर नहीं होना चाहिए।
इसका वास्तविक आर्थिक योगदान विभिन्न क्षेत्रों में होने वाली बचत, कार्यक्षमता में सुधार और बेहतर परिणामों से भी मापा जाना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि अंतरिक्ष आधारित तकनीक बुनियादी ढांचे की बेहतर योजना बनाने, परियोजनाओं को समय पर पूरा करने, लागत घटाने और संसाधनों की रोकने में मदद करती है। मंत्री ने कहा कि भारत का स्पेस इकोसिस्टम कुछ ही वर्षों में कुछ स्टार्टअप से बढ़कर लगभग 400-500 कंपनियों तक पहुंच गया है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)