विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डिस्कॉम का कर्ज फिर 7 लाख करोड़ पार, उदय योजना के बावजूद क्यों नहीं सुधरी हालत?

Published: Fri, 27 Nov 2026 08:12 PM (IST)

केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल ने बताया कि बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) की कुल हानि फिर से सात लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जो उदय योजना के बावजूद स्थिति में सुधार न होने का संकेत है।

केंद्रीय मंत्री ने उदय योजना की विफलता पर चिंता जताई। (फोटो-PTI)

केंद्रीय मंत्री ने उदय योजना की विफलता पर चिंता जताई। (फोटो-PTI)

HighLights

  1. डिस्कॉम की कुल हानि फिर सात लाख करोड़ रुपये पहुंची।

  2. केंद्रीय मंत्री ने उदय योजना की विफलता पर चिंता जताई।

  3. बिजली क्षेत्र में 200 लाख करोड़ निवेश की आवश्यकता।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) की माली हालत सुधारने की केंद्र की कोशिशें फिर से नाकाम होती दिख रही हैं। इनकी कुल हानि एक बार फिर सात लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई हैं। यह बात केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बिजली मंत्रियों के दो दिवसीय सम्मेलन में कही।

उन्होंने याद दिलाया कि 2017 में उज्ज्वल डिस्काम एश्योरेंस योजना (उदय) के तहत करीब इतनी ही राशि का नुकसान केंद्र और राज्यों ने अपने ऊपर ले लिया था, फिर भी स्थिति वापस वहीं पहुंच गई है।मनोहर लाल ने कहा कि पिछले साल सभी डिस्काम ने मिलकर 2,600 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।

अब चुनौती यह है कि यह मुनाफा फिर से नुकसान में नहीं बदल जाए। राज्यों से कहा गया कि मुनाफे का इस्तेमाल पुराने नुकसानों को समायोजित करने में करें और डिस्काम की वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए नीति, संचालन और नियामकीय बदलाव करें। बिजली मंत्री ने बिजली क्षेत्र में 2047 तक करीब 200 लाख करोड़ रुपये के निवेश की जरूरत बताई गई है। यह राशि सरकार के लगभग पांच साल के बजट के बराबर है।

मनोहर लाल ने कहा, इतना बड़ा निवेश अकेले नहीं किया जा सकता। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को शेयर बाजार में सूचीबद्ध करने, निजी भागीदारी और पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप की जरूरत है। हालांकि, अगर डिस्काम इस तरह लगातार नुकसान करती रहीं, तो निजी निवेश आकर्षित करना मुश्किल होगा।

डिस्काम की खराब वित्तीय स्थिति पूरे बिजली क्षेत्र के लिए जोखिम बढ़ाती है और निवेशकों का भरोसा कमजोर करती है। सम्मेलन में ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन हानि घटाने और बिजली की बढ़ती मांग पूरा करने पर जोर रहा। मनोहर लाल ने राज्यों से उचित सहयोग की अपील की।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य ‘टीम इंडिया’ की तरह काम करें, खासकर नवीकरणीय ऊर्जा के ट्रांसमिशन और निकासी की समस्याओं को दूर करने के लिए। वर्तमान में स्थापित नवीकरणीय क्षमता करीब 300 गीगावाट है और अगले 10 साल में अतिरिक्त 500 गीगावाट जोड़ने का लक्ष्य है। डेटा सेंटर और इलेक्ट्रिक वाहनों से मांग बढ़ेगी, इसलिए स्टोरेज, स्मार्ट मीटर, एआई टूल्स और न्यूक्लियर पावर पर ध्यान देने की जरूरत बताई गई।

7.26 लाख करोड़ रुपये है डिस्कॉम का कुल बकाया

डिस्कॉम का कुल बकाया अथवा कर्ज करीब 7.26 लाख करोड़ रुपये है। सबसे ज्यादा तमिलनाडु (करीब 1.02 लाख करोड़), राजस्थान (98,488 करोड़), महाराष्ट्र (90,659 करोड़), उत्तर प्रदेश (61,395 करोड़) और तेलंगाना (59,230 करोड़) का बकाया है। संचित हानियों के मामले में भी तमिलनाडु (लगभग 1.19 लाख करोड़), उत्तर प्रदेश (1 लाख करोड़ से अधिक), राजस्थान (92 हजार करोड़ से अधिक) और मध्य प्रदेश (71 हजार करोड़) आगे हैं।

क्या है उदय योजना?

उदय योजना नवंबर 2015 में शुरू हुई थी। इसके तहत राज्यों को अपने डिस्कामों के 75 प्रतिशत कर्ज (सितंबर 2015 के आधार पर) को अपने ऊपर लेने और बांड जारी करने की शर्त रखी गई थी।

राज्यों ने करीब दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज अपने ऊपर लिया और डिस्कामों के बकाये को आंशिक रूप से निपटाया। इससे ब्याज का बोझ कम हुआ और एटीएंडसी हानि में कुछ कमी आई, लेकिन लंबे समय में सुधार टिक नहीं सका।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।