भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता: सैन्य नेतृत्व ने युद्धक तैयारियों पर दिया जोर
वायुसेना प्रमुख ने अगले साल तक LCA मार्क-1ए स्क्वाड्रन शामिल होने का भरोसा दिलाया, जबकि नौसेना प्रमुख ने 49 स्वदेशी ...और पढ़ें

एयर चीफ मार्शल अशुतोष दीक्षित
HighLights
LCA मार्क-1ए स्क्वाड्रन अगले साल वायुसेना में शामिल होगा।
नौसेना 49 स्वदेशी पोतों का निर्माण कर रही है, आत्मनिर्भरता की ओर।
सीडीएस ने राष्ट्रीय सुरक्षा में आत्मनिर्भरता को रणनीतिक स्वतंत्रता बताया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बढ़ती रक्षा जरूरतों के बीच वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अशुतोष दीक्षित ने देश को भरोसा दिलाया है कि स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान (एलसीए) मार्क-1ए का एक स्क्वाड्रन अगले साल मार्च तक वायुसेना के बेड़े में शामिल हो जाएगा। हम सिर्फ मार्क-1ए तक सीमित नहीं रहेंगे। अगली पीढ़ी के एलसीए मार्क-2 और उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान (एएमसीए) पर भी काम जारी है। शायद अगले साल मार्क-2 भी आ जाएगा।
दिल्ली में एएनआई राष्ट्रीय सुरक्षा सम्मेलन 3.0 को संबोधित करते हुए एयर चीफ मार्शल दीक्षित ने स्वदेशी लड़ाकू विमानों के विकास और निर्माण की चुनौतियों पर बात की। कहा कि आत्मनिर्भरता का सीधा संबंध युद्धक तैयारी से है, न कि केवल औद्योगिक उत्पादन से।
भारत भविष्य के संघर्ष में सॉफ्टवेयर के कोड, कलपुर्जों, हथियारों या इंजनों के लिए विदेशी ताकतों पर निर्भर रहने का जोखिम नहीं उठा सकता। जिस उपकरण को कोई और बंद कर सकता है, वह हमारी नहीं हो सकती।
उन्होंने आगाह किया कि युद्धक तैयारियों को तीन पैमानों पर आंका जाएगा-लंबे समय तक अभियान जारी रखने की क्षमता, लंबे युद्ध के लिए उत्पादन तेजी से बढ़ाने की क्षमता और युद्ध के मैदान में खुद को तुरंत ढालने की क्षमता।
भारतीय नौसेना पनडुब्बी बेड़े के बड़े विस्तार की तैयारी में है। नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने सोमवार को कहा कि नौसेना कई साल पहले ही ‘खरीदार नौसेना’ से ‘निर्माता नौसेना’ में बदल चुकी है। फिलहाल करीब 49 पोतों के निर्माण का आदेश दिया जा चुका है। ये सभी भारत में बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नौसेना ने अपने पोतों के निर्माण के लिए अन्य देशों पर निर्भर रहना बहुत पहले बंद कर दिया था। अब हमारे बेड़े में सौ से अधिक स्वदेशी पोत हैं। हालांकि, एडमिरल स्वामीनाथन ने माना कि नौसेना अभी हर क्षेत्र में पूरी तरह आत्मनिर्भर नहीं है और उसे अब भी कुछ विदेशी आपूर्तियों पर निर्भर रहना पड़ता है।
नौसेना की जरूरत के सभी पोत भारतीय शिपयार्ड में बनाए जा रहे हैं। लेकिन, इसका यह मतलब नहीं है कि हम पूरी तरह आत्मनिर्भर हैं। कई प्रणालियों के लिए अब भी हमें विदेशी आपूर्तियों पर निर्भर रहना पड़ता है।
उन्होंने यह भी कहा कि अग्निवीर हर जगह जा सकते हैं। अग्निवीर देश के किसी अपरिचित या दूर-दराज के हिस्से से नहीं आते। उनकी भर्ती उसी पूल से हुई है, जिससे हम हमेशा अपने कर्मियों की भर्ती करते आए हैं।
चीफ आफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के संदर्भ में ‘आत्मनिर्भरता’ का अर्थ रणनीतिक फैसले लेने की आजादी है। इस सिलसिले में महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों पर नियंत्रण और मजबूत आपूर्ति शृंखलाएं बनाए रखना भी अहम है। आत्मनिर्भरता का मतलब रणनीतिक रूप से अलग-थलग रहना या हर चीज का घरेलू स्तर पर निर्माण करना नहीं है।
उन्होंने कहा कि आज अंतरिक्ष में सटीकता, नेविगेशन और समय निर्धारण का महत्व लगातार बढ़ रहा है। इसलिए अपनी स्वदेशी क्षमता विकसित करने और कम समय के नोटिस पर उसे तैनात करने की क्षमता महत्वपूर्ण होती जा रही है।
जनरल सुब्रमणि ने इस बात पर भी जोर दिया कि अब राष्ट्रीय सुरक्षा केवल सशस्त्र बलों या सरकार की जिम्मेदारी नहीं रह गई है। इसके लिए उद्योग, प्रौद्योगिकी, शिक्षा जगत, स्टार्ट-अप और नागरिकों सहित सभी क्षेत्रों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
सीडीएस की यह टिप्पणी भारत के सशस्त्र बलों को भविष्य के युद्धों के लिए तैयार करने और देश की स्वदेशी रक्षा तथा प्रौद्योगिकी क्षमताओं को मजबूत करने पर हुई चर्चा के दौरान आई।
(न्यूज एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।