विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अक्टूबर में कोर सेक्टर की रफ्तार सबसे तेज: कोयला, बिजली और सीमेंट ने दिखाया दम, गैस-तेल में गिरावट

Published: Fri, 20 Nov 2026 08:54 PM (IST)

अक्टूबर में भारत के बुनियादी उद्योगों का उत्पादन 10.9% बढ़ा, जो नई सीरीज में सबसे तेज वृद्धि है। कोयला, लौह अयस्क और बिजली ने इस वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जबकि प्राकृतिक गैस और कच्चे तेल में गिरावट दर्ज की गई।

अक्टूबर में बुनियादी उद्योगों के उत्पादन की वृद्धि दर 10.9 प्रतिशत रही। (फोटो AI द्वारा बनाई गई है)

अक्टूबर में बुनियादी उद्योगों के उत्पादन की वृद्धि दर 10.9 प्रतिशत रही। (फोटो AI द्वारा बनाई गई है)

HighLights

  1. अक्टूबर में बुनियादी उद्योगों का उत्पादन 10.9% बढ़ा।

  2. कोयला, बिजली, लौह अयस्क उत्पादन में दो अंकों की वृद्धि।

  3. अप्रैल-अक्टूबर की कुल विकास दर 6% रही।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अक्टूबर में बुनियादी उद्योगों के उत्पादन में 10.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसमें कोयला, लौह अयस्क, बिजली और सीमेंट के उत्पादन में दो अंकों की वृद्धि का बड़ा योगदान रहा। यह नई सीरीज में अब तक की सबसे तेज वृद्धि दर है। पिछले साल अक्टूबर में कोर सेक्टर का उत्पादन 0.8 प्रतिशत बढ़ा था, जबकि सितंबर 2026 में इसमें 8.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।

विभिन्न क्षेत्रों की बात करें तो लौह अयस्क के उत्पादन में 26.4 प्रतिशत, बिजली में 21.6 प्रतिशत, कोयले में 23.1 प्रतिशत और सीमेंट में 15.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि, प्राकृतिक गैस (-7.6 प्रतिशत), कच्चे तेल (-4.1 प्रतिशत) और उर्वरक (-12.2 प्रतिशत) के उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई।

अप्रैल से अक्टूबर के दौरान कोर सेक्टर की कुल विकास दर छह प्रतिशत रही जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह 2.3 प्रतिशत थी। नई सीरीज की शुरुआत जून में हुई थी। इसमें आधार वर्ष को बदलकर 2022-23 कर दिया गया है और लौह अयस्क को शामिल करके क्षेत्रों की संख्या आठ से बढ़ाकर नौ कर दी गई है।

अक्टूबर में रिफाइनरी उत्पादों और स्टील के उत्पादन में वृद्धि की गति धीमी होकर क्रमशः 3.4 प्रतिशत और 7.3 प्रतिशत रह गई। आंकड़ों पर टिप्पणी करते हुए इक्रा की मुख्य अर्थशास्त्री अदिति नायर ने कहा कि अक्टूबर 2026 में कोर सेक्टर के उत्पादन में 10.9 प्रतिशत की तेजी का एक प्रमुख कारण कम आधार भी है, त्योहारों के कैलेंडर में बदलाव से जुड़ा है।

पिछले साल इसी महीने में उत्पादन में केवल 0.8 प्रतिशत की मामूली वृद्धि हुई थी। उन्होंने कहा कि कोयला और बिजली दोनों को अनुकूल आधार का लाभ मिला, साथ ही बिजली की मांग में भी तेजी रही।

सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।