भारी मशीनरी के लिए चीन पर निर्भरता खत्म करने की तैयारी, मोदी कैबिनेट ने दी 11,000 करोड़ की स्कीम को मंजूरी
भारत सरकार ने कंस्ट्रक्शन और इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए ₹11,000 करोड़ की योजना को मंजूरी दी है।

11,000 करोड़ से देश में बनेंगे भारी उपकरण (सांकेतिक फोटो)
HighLights
₹11,000 करोड़ की योजना को कैबिनेट ने दी मंजूरी।
घरेलू कंस्ट्रक्शन और इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरणों का उत्पादन बढ़ेगा।
चीन से आयात पर निर्भरता कम करना मुख्य लक्ष्य।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कंस्ट्रक्शन और इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों और कलपुर्जों का उत्पादन अब भारत में ही होगा। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट कमेटी की बैठक में इन उपकरणों और कलपुर्जों के निर्माण प्रोत्साहन के लिए 11,000 करोड़ की योजना को मंजूरी दी गई।
इसका उद्देश्य एडवांस्ड कंस्ट्रक्शन उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देना और चीनी आयात पर निर्भरता को कम करना है।
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब चीन ने प्रमुख मशीनरी के निर्यात पर नियंत्रण लागू कर दिया है।
भारी उद्योग मंत्रालय की निगरानी में चलाई जाने वाली इस स्कीम की अवधि वित्त वर्ष 2032-33 तक होगी। भारत में निर्मित इन उपकरणों की बिक्री के आधार पर इस सेक्टर में निवेश करने वाली कंपनियों को इंसेंटिव दिए जाएंगे। इंसेंटिव की दर 13 प्रतिशत से शुरू होगी और अगले पांच साल में यह दर आठ प्रतिशत तक रह जाएगी।
कंस्ट्रक्शन और इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न प्रकार के उपकरणों का बाजार भारत में एक लाख करोड़ रुपये का है और इनमें से करीब 50 प्रतिशत उपकरणों का आयात किया जाता है। अधिकतर आयात चीन से होता है। इन उपकरणों में मुख्य रूप से शिप टू शोर क्रेन्स, टनल बोरिंग मशीन, हाइड्रोलिक एक्सकैवेटर्स, आफ-हाईवे ट्रक जैसे उपकरण शामिल हैं। भारत में कंस्ट्रक्शन और इंफ्रा निर्माण की तेज गति को देखते हुए वर्ष 2030 तक इन उपकरणों का बाजार 2,28,100 करोड़ रुपये होने का अनुमान है।
सरकार को उम्मीद है कि इंफ्रा उपकरण स्कीम की मदद से अगले पांच साल में 21,000 करोड़ का निवेश होगा और इन उपकरणों के आयात में 22,500 करोड़ की कमी आएगी।हाल ही में चीन ने कहा था कि वह टनल बोरिंग मशीन का निर्यात 19 नवंबर से बंद करने जा रहा है। बुलेट ट्रेन से लेकर अन्य मेट्रो ट्रेन की परियोजना निर्माण के लिए टनल बोरिंग मशीन काफी अहम हैं। टनल बोरिंग मशीन के लिए भारत पूरी तरह चीन पर निर्भर है।
दुनिया के कई अन्य देश भी इंफ्रा से जुड़े उपकरण चीन से ही मंगाते हैं। ऐसे में भारत के पास इन उपकरणों के निर्यात का भी मौका है।स्कीम के मुताबिक, इन उपकरणों की गुणवत्ता की जांच के लिए भारी उद्योग मंत्रालय के तहत काम करने वाले आटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन आफ इंडिया में 375 करोड़ की लागत से एक जांच सुविधा केंद्र स्थापित होगा। जहां विभिन्न निर्माताओं की तरफ से बनाए जाने वाले इंफ्रा उपकरणों की गुणवत्ता जांच की जाएगी। ताकि वैश्विक सप्लाई चेन में भारत की भागीदारी बढ़ सके।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस योजना में उपकरणों की सात श्रेणियां शामिल होंगी, जिनमें टनल बोरिंग मशीनें, एक्सकैवेटर और ड्रिलिंग मशीनें शामिल हैं। इसके अलावा इसमें कलपुर्जों की पांच श्रेणियां भी होंगी, जिनमें इंजन और ट्रांसमिशन सिस्टम शामिल हैं।
चीन से इन भारी मशीनरी का होता है आयात
निर्माण और खनन मशीनरी : टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम), खुदाई करने वाली मशीनें (एस्कैवेटर्स), बुलडोजर, ग्रेडर, ड्रिलिंग मशीन और पाइलिंग रिग्स।
उठाने और ढोने वाले उपकरण : क्रेन, डेरिक और मोबाइल लिफ्टिंग फ्रेम।
औद्योगिक और विनिर्माण मशीनें : रबर या प्लास्टिक प्रोसेसिंग मशीनरी, मशीन टूल्स, धातुकर्म मशीनरी और प्रिंटिंग मशीनरी।
कपड़ा मशीनरी : वीविंग मशीन (लूम) और निटिंग, स्टिच-बांड या लेस बनाने वाली मशीनें।
विद्युत उपकरण: भारी विद्युत मशीनरी और औद्योगिक उपकरण।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।