दुबई घूमने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या हुई दोगुनी, इस साल जनवरी-जून के बीच इतने लोगों ने की यात्रा
दुबई के क्राउन प्रिंस और दुबई की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने एक बयान में कहा आने वाले वर्षों में दुबई खुद को एक ऐसे गंतव्य के रूप में विकसित करना जारी रखेगा जो अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को शानदार अनुभव प्रदान करता है।
मुंबई, एजेंसी : Indian visitors to Dubai- भारत के आस-पास के घूमने की जगहों का जब भी जिक्र आता है तो उसमें दुबई (Dubai) का नाम सबसे ऊपर आता है। हर साल बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक दुबई की यात्रा करते हैं। नए आंकड़ों से पता चलता है कि दुबई घूमने वाले भारतीयों की संख्या में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई है। पिछले 6 महीनों में (जनवरी 2022 से जून 2022) दुबई भ्रमण पर जाने वाले भारतीयों का आंकड़ा 8.58 लाख पहुंच गया है। अगर पिछले साल की समान अवधि से तुलना करें तो यह आंकड़ा दोगुना हो गया है। दुबई के डिपार्टमेंट ऑफ इकोनॉमी एंड टूरिज्म (DET) ने यह जानकारी दी है।
DET के अनुसार साल 2021 की पहली छमाही में भारत से 4.09 लाख लोग दुबई पहुंचे। जनवरी से लेकर जून 2022 के बीच 71.2 लाख अंतरराष्ट्रीय पर्यटक दुबई पहुंचे जो कि पिछले साल की तुलना में करीब तीन गुना रहे। साल 2021 में जनवरी से जून के बीच करीब 25.2 लाख पर्यटक दुबई पहुंचे थे।
"पर्यटकों की संख्या में वृद्धि अमीरात की अर्थव्यवस्था के लचीलेपन और गतिशीलता को दर्शाती है। अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के आगमन में तेज वृद्धि दिखाती है कि दुबई दुनिया का सबसे अधिक देखा जाने वाला गंतव्य बनने के अपने महत्वाकांक्षी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ट्रैक पर है।
दुबई के क्राउन प्रिंस और दुबई की कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने मंगलवार को एक बयान में कहा, "आने वाले वर्षों में, दुबई खुद को एक ऐसे गंतव्य के रूप में विकसित करना जारी रखेगा जो अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को शानदार अनुभव प्रदान करता है।"
डीईटी के आंकड़ों में कहा गया है कि 2019 के पहले छह महीनों के दौरान कुल 83.6 लाख अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों ने दुबई का दौरा किया था।
क्षेत्रीय दृष्टिकोण से देखा जाए तो पश्चिमी यूरोप से भारी संख्या में पर्यटक दुबई पहुंचे, जो कि 2022 के पहले छह महीनों में कुल अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों का 22 प्रतिशत है।