रेल यात्रा के बदल रहा पैटर्न: लोकल नहीं, अब इंटरसिटी का क्रेज; क्यों बदल रहा सफर का अंदाज?
भारतीय रेलवे में एक शहर से दूसरे शहर की यात्राओं में तेजी से वृद्धि हुई है, जबकि लोकल ट्रेनों की यात्राओं में धीमी बढ़ोतरी देखी गई है।

भारतीय रेलवे में बदल रहा है यात्रियों का अंदाज
HighLights
दूसरे शहरों के बीच रेल यात्राएं लोकल ट्रेनों से अधिक बढ़ीं।
रोजगार, शिक्षा, पर्यटन से इंटरसिटी यात्राओं में तेजी आई।
रेलवे को भीड़ और टिकट उपलब्धता की चुनौती का सामना।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। रेलवे में यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ उनके सफर का तरीका भी बदल रहा है। महानगरों में चलने वाली लोकल ट्रेनों के मुकाबले, अब एक शहर से दूसरे शहर जाने वाले यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
वित्त वर्ष 2022-23 से 2024-25 के बीच दूसरे शहरों के बीच रेल यात्राओं में 57.7 करोड़ का इजाफा हुआ, जबकि लोकल ट्रेनों की यात्राएं 32 करोड़ बढ़ीं। चालू वित्त वर्ष में भी यही रुझान बना हुआ है।
रेलवे मंत्रालय के अनुसार, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच 443.8 करोड़ रेल यात्राएं दर्ज की गईं, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 431.4 करोड़ यात्राएं हुई थीं। इस दौरान दूसरे शहरों के बीच चलने वाली ट्रेनों में यात्राएं 4.2 प्रतिशत बढ़ीं, जबकि लोकल ट्रेनों में वृद्धि 1.7 प्रतिशत रही।
अक्टूबर में भी कुल 64.72 करोड़ यात्राएं दर्ज की गईं, जो पिछले वर्ष के इसी महीने की 63.52 करोड़ यात्राओं से अधिक हैं।
दूसरे शहरों के बीच रेल यात्राएं बढ़ने की कई वजहें हैं। रोजगार के लिए छोटे शहरों और कस्बों से बड़े शहरों की ओर लोगों का आना-जाना बढ़ा है। उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और बेहतर इलाज के लिए भी लोग दूसरे शहरों की यात्रा कर रहे हैं। कारोबार, पर्यटन और पारिवारिक यात्राओं में भी विस्तार हुआ है।
इसके अलावा, पिछले एक दशक में रेल नेटवर्क बढ़ने और शहरों के बीच संपर्क बेहतर होने से रेल से यात्रा करना पहले के मुकाबले आसान हुआ है।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि लोकल ट्रेनों में यात्रियों की संख्या कम हो रही है। महानगरों में रोजाना लाखों लोग कामकाज के लिए लोकल ट्रेनों से सफर करते हैं। इसलिए कुल यात्राओं की संख्या आज भी लोकल ट्रेनों में अधिक है। इसकी एक वजह यह भी है कि एक ही व्यक्ति दिन में कई बार लोकल ट्रेन से यात्रा करता है और हर बार की यात्रा अलग गिनी जाती है।
दूसरे शहरों के बीच बढ़ती यात्राएं रेलवे के सामने नई चुनौती भी खड़ी कर रही हैं। लंबी दूरी की ट्रेनों में पहले से ही कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल है। यात्रियों की संख्या बढ़ने से प्रतीक्षा सूची और भीड़ बढ़ सकती है। ऐसे में केवल नई ट्रेनें चलाना पर्याप्त नहीं होगा।
जिन मार्गों पर यात्रियों की मांग अधिक है, वहां अतिरिक्त कोच लगाने, ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और पटरियों की क्षमता का विस्तार करने की जरूरत होगी। सामान्य और स्लीपर श्रेणी में पर्याप्त जगह उपलब्ध कराना भी जरूरी है। बढ़ती मांग के अनुरूप सुविधाएं देना ही रेलवे के लिए असली चुनौती होगी।
वित्त वर्ष - दूसरे शहरों के बीच- लोकल ट्रेनें
2021-22 - 135.0 - 216.9
2022-23 - 260.4 - 379.2
2023-24 - 292.4 - 398.1
2024-25 - 318.1 - 411.2
नोट: लोकल ट्रेनों में यात्राओं की संख्या अधिक है, क्योंकि महानगरों में रोजाना लाखों लोग छोटी दूरी का सफर करते हैं। दूसरे शहरों के बीच यात्राओं की संख्या कम है, लेकिन इनकी औसत दूरी लगभग दस गुना अधिक होती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।