Indian Railways: पटरी मरम्मत से लेकर रेलवे स्टेशनों तक के संचालन में बढ़ी महिलाओं की भूमिका
मेरी सहेली अभियान के तहत कोई भी महिला यात्री टेलीफोन पर 182 नंबर डायल कर सुरक्षा की गुहार लगा सकती है। इससे तत्काल उसे सुरक्षा मुहैया हो जाएगी। भारतीय रेलवे के लगभग सभी जोन में ऐसे स्टेशन हैं जहां का पूरा कामकाज महिलाओं के ही हाथों में है।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। महिला सशक्तीकरण को लेकर रेलवे ने अनूठी पहल की है। इसके तहत देश में रेलवे के कई स्टेशनों के संचालन की शत-प्रतिशत जिम्मेदारी महिलाएं ही संभाल रही हैं। फिलहाल डेढ़ दर्जन से अधिक रेलवे स्टेशनों की जिम्मेदारी महिला अधिकारी व कर्मचारी निभा रही हैं। पटरी मरम्मत, रेलवे कारखाना, ट्रेनों के संचालन और रेलवे की सुरक्षा में महिलाओं की भूमिका काफी कारगर साबित हो रही है। आने वाले दिनों में महिला संचालित स्टेशनों की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है।
रेलवे सुरक्षा बल में भी बढ़ी महिलाओं की भूमिका
भारतीय रेलवे ने महिला स्टेशनों पर महिलाओं की नियुक्तियों को प्राथमिकता देने का फैसला किया है। भारतीय रेलवे संपत्ति की सुरक्षा करने वाले रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में भी महिलाओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। स्टेशनों की सुरक्षा में लगे जीआरपी थानों में भी महिलाओं की सहभागिता बढ़ी है। महिला यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए भी रेलवे ने कई उपाय किए हैं। 'मेरी सहेली' अभियान के तहत कोई भी महिला यात्री टेलीफोन पर 182 नंबर डायल कर सुरक्षा की गुहार लगा सकती है। इससे तत्काल उसे सुरक्षा मुहैया हो जाएगी। भारतीय रेलवे के लगभग सभी जोन में ऐसे स्टेशन हैं, जहां का पूरा कामकाज महिलाओं के ही हाथों में है।
डेढ़ दर्जन से अधिक स्टेशनों का संचालन कर रहीं महिलाएं
नार्थ वेस्टर्न रेलवे के जयपुर डिवीजन का गांधीनगर रेलवे स्टेशन पिछले तीन सालों से महिला अधिकारियों व कर्मचारियों के हाथों सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। साउथ ईस्टर्न का रांची स्टेशन, प्रयागराज डिवीजन का कानपुर स्थित गोविंदपुरी स्टेशन और वेस्टर्न सेंट्रल रेलवे डिवीजन के इटारसी-जबलपुर सेक्शन स्थित मदन महल स्टेशन पूरी तरह महिलाओं की देखरेख में संचालित हो रहा है।
मुंबई सेंट्रल डिवीजन का माटुंगा रोड स्टेशन, नार्थ ईस्टर्न रेलवे के लखनऊ डिवीजन का बादशाह नगर रेलवे स्टेशन, नागपुर डिवीजन के अजनी रेलवे स्टेशन के साथ साउथ सेंट्रल रेलवे के बड़े रेलवे स्टेशन बेगमपेट, विद्यानगर व रामवरापुडु स्टेशनों का कार्य महिलाओं ने संभाल रखा है। नार्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के सिलीगुड़ी स्टेशन का संचालन महिलाएं करती हैं। दानापुर डिवीजन के गुलजारबाग, साउदर्न रेलवे के कुंबलम और रेप्पड रेलवे स्टेशनों को भी महिलाएं संभाल रही हैं।