विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हिंद महासागर देशों को जोड़ने का माध्यम बने, बांटने का नहीं'; माले में NSA अजीत डोभाल का संदेश

Published: Wed, 25 Nov 2026 10:15 PM (IST)

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने माले में कहा कि हिंद महासागर देशों को जोड़ने का माध्यम बने, बांटने का नहीं।

माले में एनएसए अजीत डोभाल का संदेश (फाइल फोटो)

माले में एनएसए अजीत डोभाल का संदेश (फाइल फोटो)

HighLights

  1. एनएसए डोभाल: हिंद महासागर देशों को जोड़ने का माध्यम बने।

  2. भारत हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और सहयोग बढ़ा रहा है।

  3. भारत 2025 से इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन की अध्यक्षता करेगा।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा और मजबूत करने और देशों के बीच सहयोग बढ़ाने को भारत प्राथमिकता दे रहा है। अमेरिका चीन के साथ संबंध सुधारने की कोशिश में जुटा है और हिंद-प्रशांत क्षेत्र को लेकर उसकी भावी रणनीति स्पष्ट नहीं है। इस बीच, भारत हिंद महासागर से जुड़े सुरक्षा मुद्दों पर क्षेत्रीय लामबंदी और आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दे रहा है।

बुधवार को मालदीव की राजधानी माले में आठवीं कोलंबो सिक्योरिटी कान्क्लेव (सीएससी) में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने कहा कि हिंद महासागर देशों को जोड़ने का माध्यम बने न कि उन्हें बांटने का।

उन्होंने कहा कि सीएससी भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति और ‘महासागर’ (म्यूचुअल एंड होलिस्टिक एडवांसमेंट फार सिक्योरिटी एंड ग्रोथ) विजन का संगम है। भारत सीएससी देशों के साथ उभरती गंभीर सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की सामूहिक क्षमता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। डोभाल ने श्रीलंका, मालदीव और अन्य देशों के साथ सहयोग को और आगे बढ़ाने तथा समूह को सामूहिक सुरक्षा का प्रभावी माध्यम बनाने में भारत के पूरे सहयोग का आश्वासन दिया।

सीएससी के छह सदस्य देश भारत, श्रीलंका, मालदीव, मारीशस, बांग्लादेश और सेशेल्स हैं। समूह समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद और कट्टरता से निपटने, तस्करी तथा सीमा-पार संगठित अपराध का मुकाबला, साइबर सुरक्षा और मानवीय सहायता एवं आपदा राहत के पांच स्तंभों पर काम करता है।

हिंद महासागर के तटीय देशों का प्रमुख क्षेत्रीय संगठन इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन (आइओआरए) 1997 में स्थापित हुआ था। इसमें 23 सदस्य देश हैं। भारत नवंबर 2025 से 2027 तक इसकी अध्यक्षता कर रहा है। इस कार्यकाल की थीम ‘इनोवेशन, ओपननेस, रेजिलिएंस एंड एडाप्टेबिलिटी इन द इंडियन ओशन रीजन’ है।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, नई दिल्ली में 25-26 नवंबर को आइओआरए की 29वीं सीनियर आफिशियल्स कमेटी (सीएसओ) की बैठक हो रही है और 27 नवंबर को 25वीं काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स (सीओएम) की बैठक होगी। इसमें कई देशों के विदेश मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हो रहे हैं।

बैठक का उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता, पूर्वानुमेयता और सतत विकास को बढ़ावा देना तथा खुले, समावेशी और नियम-आधारित समुद्री व्यवस्था के लिए सामूहिक कार्रवाई आगे बढ़ाना है। कई देशों के विदेश मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी इसमें भाग ले रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।