नौसेना और तटरक्षक बल खरीदेंगे 76 आधुनिक हेलीकॉप्टर, चीता और चेतक की लेंगे जगह; 15 हजार करोड़ रुपये होगी लागत
भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल 15 हजार करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 76 नए नेवल यूटिलिटी हेलिकॉप्टर खरीदने की तैयारी में हैं।

नौसेना और तटरक्षक बल के लिए 76 नए हेलीकॉप्टर (फाइल फोटो)
HighLights
भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल खरीदेंगे 76 नए हेलीकॉप्टर।
15 हजार करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से होगी खरीद।
पुराने चीता और चेतक हेलीकॉप्टरों की जगह लेंगे ये।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। समुद्री सीमाओं की की सुरक्षा, निगरानी और आपातकालीन अभियानों को और मजबूत बनाने के लिए भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल करीब 15 हजार करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 76 नए नेवल यूटिलिटी हेलिकॉप्टर खरीदने की तैयारी में हैं। ये आधुनिक हेलिकॉप्टर लंबे समय से सेवा दे रहे पुराने चीता और चेतक हेलीकाप्टरों की जगह लेंगे।
प्रस्तावित योजना के तहत भारतीय नौसेना को 51 और कोस्ट गार्ड को 25 हेलिकॉप्टर मिलेंगे।सूत्रों ने बताया कि इन हेलीकाप्टरों का निर्माण भारत में ही विदेशी कंपनियों के सहयोग से किया जाएगा। इससे न केवल रक्षा क्षमताओं में इजाफा होगा, बल्कि देश के स्वदेशी रक्षा उत्पादन और मेक इन इंडिया अभियान को भी बढ़ावा मिलेगा। इस परियोजना पर जल्द ही रक्षा मंत्रालय की उच्चस्तरीय बैठक में चर्चा होने की उम्मीद है।
रक्षा सूत्रों के अनुसार, नौसेना और तटरक्षक बल को अपने मौजूदा दो इंजन वाले हेलिकॉप्टर बेड़े के संचालन में भी कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ा है। ऐसे में पांच टन से अधिक श्रेणी के नए हेलिकॉप्टर उनकी परिचालन क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। भारतीय नौसेना ने पहले 111 नौसैनिक हल्के उपयोगिता हेलिकॉप्टर खरीदने की योजना बनाई थी, लेकिन इस परियोजना में खास प्रगति नहीं हो सकी।
नौसेना हिंदुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड से 60 यूटिलिटी हेलिकॉप्टर मरीन (यूएच मरीन) खरीदने की भी योजना बना रही है।
भारतीय थलसेना और वायुसेना भी 400 हल्के हेलीकाप्टर खरीदने पर विचार कर रही है। इनमें से 200 का निर्माण हिंदुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड करेगा, जबकि बाकी 200 का निर्माण निजी क्षेत्र की कंपनियां विदेशी ओईएम के साथ साझेदारी में करेंगी।
निजी क्षेत्र की कंपनियों द्वारा बनाए जाने वाले 200 हेलिकॉप्टरों की परियोजना को हाल ही में रक्षा अधिग्रहण परिषद से मंजूरी मिल चुकी है। इसके लिए जल्द ही टेंडर जारी किए जाने की उम्मीद है। रक्षा बलों को कुल मिलाकर लगभग 500 हल्के हेलीकाप्टरों की आवश्यकता है। ये हेलिकॉप्टर देश की सीमाओं और दुर्गम इलाकों में सैन्य गतिविधियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
सियाचिन के बर्फीले पहाड़ों से लेकर पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश तक, अलग-अलग सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी, टोही और सैन्य सहायता के लिए इनका व्यापक इस्तेमाल होता है।
(न्यूज एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।