विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नौसेना ने बदला नियम: 2 साल का एक्सटेंशन लेने वाले अग्निवीरों को मिली शादी की इजाजत, बस पूरी करनी होगी एक शर्त

Published: Mon, 23 Nov 2026 03:04 PM (IST)

भारतीय नौसेना ने अग्निवीरों के लिए शादी के नियमों में ढील दी है। अब चार साल की सेवा पूरी कर दो साल का सेवा विस्तार चुनने वाले अग्निवीर शादी कर सकेंगे।

नौसेना ने अग्निवीरों की शादी का बदला नियम (तस्वीर- AI से बनाई गई है)

नौसेना ने अग्निवीरों की शादी का बदला नियम (तस्वीर- AI से बनाई गई है)

HighLights

  1. चार साल बाद दो साल सेवा विस्तार पर शादी की अनुमति।

  2. अनिवार्य शुरुआती ट्रेनिंग पूरी करने के बाद ही मिलेगी छूट।

  3. 'सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी' में वेतन वृद्धि और स्थायी नौकरी का अवसर।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नौसेना की नौकरी को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए भारतीय नौसेना ने नियमों में बड़ी ढील दी है। अब शुरुआती चार साल की सेवा पूरी करने के बाद दो साल का सेवा विस्तार चुनने वाले नौसैनिक अग्निवीरों को शादी करने की अनुमति मिल गई है।

नौसेना का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब साल 2022 के अंत में भर्ती हुआ अग्निवीरों का पहला बैच इसी महीने अपना चार साल का शुरुआती कार्यकाल पूरा कर रहा है।

क्या है नया नियम और कब कर सकेंगे शादी?

बता दें कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने हाल ही में अग्निवीरों के लिए दो साल की अतिरिक्त सेवा अवधि को मंजूरी दी है, जिसे आधिकारिक तौर पर सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी नाम दिया गया है। रक्षा सूत्रों के मुताबिक, जो अग्निवीर अपनी शुरुआती चार साल की सेवा पूरी कर दो साल का एक्सटेंशन चुनेंगे, उन्हें शादी करने की छूट होगी।

हालांकि, इसके लिए एक शर्त रखी गई है। इसके तहत एक्सटेंशन पर जाने के बाद अग्निवीरों को पहले अपनी अनिवार्य शुरुआती ट्रेनिंग पूरी करनी होगी। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद अग्निवीर शादी के लिए अपनी तय छुट्टियां ले सकेंगे।

नौसेना ने जारी किए आधिकारिक आदेश

मिली जानकारी के अनुसार नौसेना ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। अब नौसेना के बाद भारतीय थल सेना और वायु सेना भी अपनी शर्तों के अनुसार अग्निवीरों को शादी की अनुमति देने पर फैसला ले सकती हैं।

गौरतलब है कि अग्निपथ योजना के तहत भर्ती होने वाले 17.5 से 21 वर्ष की आयु के नौसैनिक अग्निवीरों को शुरुआती चार साल की सेवा के दौरान शादी करने की अनुमति नहीं है।

'सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी' में सैलरी और अन्य बड़े फायदे

इससे पहले 4 नवंबर को चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने अग्निपथ योजना के तहत ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ का ऐलान किया था। इसके तहत अग्निवीरों की सेवा अवधि चार साल से बढ़ाकर छह साल कर दी गई है।

इसके मुख्य फायदे इस प्रकार हैं-

सुविधा पहले 4 साल की सेवा के बाद
सेवा अवधि 4 साल के बाद 2 साल का अतिरिक्त विस्तार (कुल 6 साल)
पांचवें साल की सैलरी 43,500 रुपये प्रति माह (+ लागू भत्ते)
छठे साल की सैलरी 47,500 रुपये प्रति माह (+ लागू भत्ते)
सेवा निधि योगदान इन दो वर्षों में सरकार का योगदान बढ़कर 70% हो जाएगा
स्थायी नौकरी का रास्ता  इच्छुक और चयन मानदंड पूरे करने वाले अग्निवीरों को नियमित सैनिक बनने का अवसर मिलेगा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।