भारतीय मां ने पाकिस्तान के राष्ट्रपति से लगाई बेटे की रिहाई के लिए गुहार
मुंबई निवासी हामिद सैन्य अदालत द्वारा सुनाई गई तीन साल जेल की सजा काट रहा है, जो अगले साल 14 दिसंबर को पूरी होगी।
लाहौर, एजेंसी। अफगानिस्तान के रास्ते पाकिस्तान में अवैध तरीके से प्रवेश करने के आरोप में तीन साल जेल की सजा काट रहे, भारतीय इंजीनियर हामिद अंसारी की मां ने राष्ट्रपति ममनून हुसैन को पत्र लिखकर सजा माफ करने की अपील की है।
हामिद इंटरनेट के जरिए दोस्त बनी पाकिस्तानी लड़की की मदद के लिए पाकिस्तान गया था। हामिद की मां ने पत्र में लिखा है, 'आपकी सरकार ने हामिद से ज्यादा गंभीर अपराध करने वाले विदेशी नागरिकों पर दया दिखाई है। हमारी प्रार्थना सुनने के बाद आपके देश का कद बढ़ेगा, साथ ही भारतीय जेलों में कैद पाकिस्तानी नागरिकों की आजादी की संभावना भी बढ़ जाएगी। सजा सुनाए जाने से पहले भी हामिद ने तीन साल जेल में बिताए थे, जिसे ध्यान में रखते हुए उसकी सजा माफ कर दी जानी चाहिए।'
मुंबई निवासी हामिद सैन्य अदालत द्वारा सुनाई गई तीन साल जेल की सजा काट रहा है, जो अगले साल 14 दिसंबर को पूरी होगी। मालूम हो कि हामिद की खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट इलाके में रहने वाली लड़की से फेसबुक पर दोस्ती हो गई थी। उस लड़की ने एक दिन हामिद से मदद मांगी, जिस पर वह उसकी मदद के लिए बिना वीसा पाकिस्तान पहुंच गया। 14 नवंबर, 2012 को कोहाट के एक होटल से उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके बाद से वह पाकिस्तान में कैद हैं।
महिला पत्रकार फिर गायब
पाकिस्तान के मानवाधिकार संगठनों ने भी हामिद की सजा माफ करने की मांग की है। इस बीच, हामिद को इंसाफ दिलाने के लिए संघर्ष कर रहीं महिला पत्रकार शहजादी दोबारा गायब हो गई हैं। दो साल तक कैद में रहने के बाद वह इस साल अक्टूबर में ही वापस लौटी थीं।
यह भी पढ़ें: सामने आई 'पाकिस्तान जिंदाबाद' नारा लगने के पीछे की हैरान करने वाली सच्चाई