विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंतरिक्ष क्षेत्र में नया अध्याय: पहली बार भारतीय कंपनियां बना रहीं PSLV, 2027 में होगी लॉन्चिंग

Published: Tue, 24 Nov 2026 11:20 PM (IST)

भारतीय उद्योग जगत पहली बार पूरी तरह से पीएसएलवी रॉकेट का निर्माण करेगा, जिसकी पहली उड़ान 2027 की पहली तिमाही में अपेक्षित है।

भारतीय उद्योग बनाएगा पीएसएलवी रॉकेट 2027 में पहली लॉन्चिंग (सांकेतिक फोटो- @isro/X)

भारतीय उद्योग बनाएगा पीएसएलवी रॉकेट 2027 में पहली लॉन्चिंग (सांकेतिक फोटो- @isro/X)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र में नए दौर की शुरुआत होने जा रही है। देश के भरोसेमंद पीएसएलवी रॉकेट के निर्माण की कमान पहली बार पूरी तरह भारतीय उद्योग जगत के हाथों में होगी।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष वी. नारायणन ने मंगलवार को बताया कि देश का पहला पूरी तरह भारतीय उद्योग जगत द्वारा निर्मित ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (पीएसएलवी) 2027 की पहली तिमाही में अंतरिक्ष में उड़ान भर सकता है। अब तक पीएसएलवी रॉकेट उद्योग के सहयोग से केवल इसरो बनाता रहा है।

राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष सम्मेलन से इतर पत्रकारों से बात करते हुए नारायणन ने कहा, हिंदुस्तान एयरोनाटिक्स लिमिटेड (एचएएल) और लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) का कंसोर्टियम पहली बार पांच पीएसएलवी रॉकेट बना रहा है।

इसके लिए इसरो की कमर्शियल यूनिट न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआइएल) ने 860 करोड़ रुपये का अनुबंध दिया है। अगले साल की पहली तिमाही में इनमें से पहले रॉकेट को लॉन्च किए जाने की उम्मीद है।

नारायणन ने कहा कि संचार और पृथ्वी अवलोकन के लिए आने वाले वर्षों में बड़ी संख्या में नए उपग्रहों की जरूरत होगी। इस जरूरत को पूरा करने के लिए इसरो और प्राइवेट कंपनियों के बीच मजबूत साझेदारी जरूरी है। नारायणन ने भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आर्बिटल मॉड्यूल का काम अंतिम चरण में है।

40-45 अरब डॉलर तक पहुंचने वाली है भारत की स्पेस इकोनॉमी

पीटीआई के अनुसार नई दिल्ली में इंडियन स्पेस एसोसिएशन (इस्पा) द्वारा भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के सहयोग से आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को कहा कि भारत की स्पेस इकोनॉमी अगले एक दशक से भी कम समय में बढ़कर 40-45 अरब डॉलर होने की संभावना है। इसमें निजी क्षेत्र की अहम भूमिका होगी।

भारत की स्पेस इकोनॉमी फिलहाल करीब नौ अरब डॉलर की है। मंत्री ने यह भी कहा कि भारत की स्पेस इकोनॉमी के आर्थिक योगदान का आकलन केवल रॉकेट लॉन्चग, उपग्रह निर्माण के आधार पर नहीं होना चाहिए। इसका वास्तविक आर्थिक योगदान विभिन्न क्षेत्रों में होने वाली बचत, कार्यक्षमता में सुधार और बेहतर परिणामों से भी मापा जाना चाहिए।

मंत्री ने कहा कि अंतरिक्ष आधारित तकनीक बुनियादी ढांचे की बेहतर योजना बनाने, परियोजनाओं को समय पर पूरा करने, लागत घटाने और संसाधनों की रोकने में मदद करती है।

(न्यूज एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।