IIT समेत शीर्ष भारतीय उच्च शिक्षण संस्थान भी अब दूसरे देशों में खोलेंगे अपने कैंपस, जल्द जारी हो सकता अधिनियम
ऑस्ट्रेलिया सहित दुनिया के शीर्ष विश्वविद्यालय के भारत में कैंपस खोलने की तैयारियों के बीच शीर्ष भारतीय उच्च शिक्षण संस्थानों ने देश से बाहर निकल अपने कैंपस खोलने को लेकर रूचि दिखाई है। इसके साथ ही इस दौड़ में अफ्रीका और खाड़ी के देश भी प्रमुखता से शामिल है।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया सहित दुनिया के शीर्ष विश्वविद्यालय के भारत में कैंपस खोलने की तैयारियों के बीच शीर्ष भारतीय उच्च शिक्षण संस्थानों ने देश से बाहर निकल अपने कैंपस खोलने को लेकर रूचि दिखाई है। यह बात यह अलग अभी उनकी प्राथमिकता में पड़ोसी देशों के साथ दुनिया के ऐसे देश है, जहां मौजूदा समय में बड़ी संख्या में भारतीय रहते है और वह यहां इन संस्थानों के खोलने की लगातार मांग कर रहे है।
इसके साथ ही इस दौड़ में अफ्रीका और खाड़ी के देश भी प्रमुखता से शामिल है। इनमें से कई देशों के साथ शीर्ष स्तर पर चर्चा भी चल रही है। हालांकि, इससे पहले सरकार इन संस्थानों के लिए कुछ नियम-कायदे तय करने में जुटी है। शिक्षा मंत्रालय और यूजीसी फिलहाल इस दिशा में पिछले कुछ समय से तेजी से काम कर रहे है।
माना जा रहा है कि इस महीने के अंत तक इसका मसौदा जारी हो जाएगा। इस बीच दुनिया के दूसरे देशों में जिन भारतीय उच्च शिक्षण संस्थानों की सबसे ज्यादा मांग है, उनमें आईआइटी, एनआईटी और आईआईएम जैसे संस्थान शामिल है। वैसे भी नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति ( एनईपी) में शिक्षा के अंतर-राष्ट्रीयकरण की सिफारिश की गई है। जिसमें भारतीय संस्थानों को दूसरे देशों में कैंपस खोलने के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही गई है।
मंत्रालय के मुताबिक, देश में उच्च शिक्षण संस्थानों की एक लंबी सूची है। देश में अकेले एक हजार से ज्यादा विश्वविद्यालय है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में आईआइटी, एनआईटी, ट्रिपल आईटी, आईआईएससी जैसे संस्थान भी है। मंत्रालय से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, भारतीय उच्च शिक्षण संस्थानों के दूसरे देशों में कैंपस खोलने की पहल को विदेश मंत्रालय के साथ मिलकर आगे बढ़ाया जा रहा है।
हालांकि, इनमें प्राथमिकता में पड़ोसी देशों को रखा गया है। जहां सबसे पहले कैंपस खोलने की योजना है। इस बीच नेपाल, श्रीलंका, भूटान और बांग्लादेश में मांग के आधार पर संभावनाओं को तलाशा जा रहा है। इसके साथ आईआईटी दिल्ली की ओर से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में कैंपस खोलने को लेकर तैयारी चल रही है।
इसके अलावा खाड़ी के दूसरे देशों और अफ्रीकी देशों की मांग पर गंभीरता से विचार चल रहा है। आईआईटी मद्रास को भी कई देशों से प्रस्ताव मिले है। बता दें कि हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ने अपने दो शीर्ष विश्वविद्यालयों के कैंपस भारत में खोलने का ऐलान किया है।