विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम मोदी की अपील पर कॉरपोरेट का भरोसा, नौकरी सृजन और वेतन वृद्धि पर जोर

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:21 PM (IST)

कॉरपोरेट जगत ने प्रधानमंत्री मोदी की नौकरी सृजन और वेतन वृद्धि की अपील पर अमल का भरोसा दिया है, लेकिन निवेशकों का भरोसा बढ़ाने की जरूरत भी बताई।

पीएम मोदी (File Photo)

पीएम मोदी (File Photo)

HighLights

  1. कॉरपोरेट ने पीएम मोदी की नौकरी सृजन अपील पर अमल का भरोसा दिया।

  2. निवेशकों का भरोसा बढ़ाने और नियामक सरलता की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

  3. अगले साल 1.38 करोड़ व्हाइट कॉलर नौकरियां सृजित होने का अनुमान है।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कॉरपोरेट जगत ने नौकरी के सृजन और कर्मचारियों की वेतन बढ़ोतरी को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील पर अमल का भरोसा तो दिया है, लेकिन साथ में यह भी कहा है कि निवेशकों के भरोसे को भी बढ़ाने की जरूरत है।

उद्योग संगठन फिक्की के वार्षिक समारोह में चार दिन पहले प्रधानमंत्री ने कॉरपोरेट जगत से पूछा था कि हमने कॉरपोरेट के टैक्स को 30 प्रतिशत से कम करके 22 प्रतिशत कर दिया, इसके बदले में आपने क्या किया।

सोमवार को कनफेडरेशन आफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआइआइ) के प्रेसिडेंट एवं टाटा केमिकल्स के एमडी व सीईओ आर. मुकुंदन कहते हैं कि सीआइआइ और इसके उद्यमी सदस्य प्रधानमंत्री के एजेंडा के अमल को लेकर प्रतिबद्ध हैं। प्रधानमंत्री ने कहा है कि लंबे अंतराल को ध्यान में रखते हुए भारत को अग्रणी बनाना अब उद्योग जगत की जिम्मेदारी है।

मुकुंदन ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अपने पोस्ट में कहा कि भारत सात प्रतिशत की विकास दर के साथ सबसे तेज गति से बढ़ने वाला देश बना हुआ है। निजी निवेश में भी यही रुख दिखता है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में 26.6 लाख करोड़ के निजी प्रोजेक्ट के निवेश की घोषणा हुई है। डाटा सेंटर, बिजली, मैन्युफैक्चरिंग जैसे सेक्टर में निवेश को लेकर 86 प्रतिशत घोषणाएं निजी सेक्टर की हैं।

सीआईआई के महासचिव इंद्रजीत बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने घरेलू उद्योग को निवेश और इनोवेशन बढ़ाने के लिए कहा है और यह निवेश ही हमारे देश की आर्थिक प्रगति का मुख्य माध्यम होने जा रहा है। निवेश के इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार को एक ऐसे कारोबारी माहौल को तैयार करना होगा जहां निवेशकों को मजबूत सुरक्षा मिले और नियामक भी बिल्कुल सरल हो।

उन्होंने कहा कि भारत में लंबे समय के लिए होने वाले निवेश की बढ़ोतरी इस बात पर निर्भर करेगी कि हमारे उद्योग अन्य देशों के मुकाबले कितने अधिक क्षमतावान है और हमारे बाजार की क्या ताकत है।

अगले साल 1.38 करोड़ व्हाइट कॉलर नई नौकरी

इन सबके बीच सोमवार को व्हाइट कालर नौकरी (आफिस में बैठकर काम करने वाले कर्मचारी) सृजन को लेकर एक रिपोर्ट में कहा गया कि अगले साल यानी कि 2027 में 1.38 करोड़ नौकरियों का सृजन होगा जो चालू वर्ष के मुकाबले 8.6 प्रतिशत अधिक है। यह रिपोर्ट फाउंटइट इनसाइट्स ट्रैकर की है।

अगले साल कंज्यूमर इलेक्ट्रानिक्स सेक्टर की नौकरी में 14.25 प्रतिशत, रिटेल में 14 प्रतिशत तो मैन्युफैक्चरिंग की नई नौकरियों में 12 प्रतिशत का इजाफा होगा। रिपोर्ट के मुताबिक इस साल जनवरी-अक्टूबर में नई नौकरियों के सृजन में 3.30 प्रतिशत की बढ़ोतरी रही जिनमें रियल एस्टेट, टूरिज्म व गैर लाभ कमाने वाले संगठन मुख्य रूप से शामिल हैं।

लंबे अंतराल वाले घरेलू व विदेशी

निवेश को हासिल करने के लिए मजबूत नियामक व आसानी से समझे जाने वाले नियमों का होना जरूरी है। इसके साथ पारदर्शिता और निवेशकों का भरोसा भी आवश्यक है। -संजीव पुरी, चेयरमैन और एमडी, आइटीसी लिमिटेड

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।