विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सेना ने खोली चीन से जुड़े फर्जी पोस्ट की पोल, किरेन रिजिजू बोले- कांग्रेस माफी मांगे

Published: Tue, 27 Oct 2026 02:14 PM (IST)

भारतीय सेना ने अरुणाचल प्रदेश में चीनी घुसपैठ और सेना को आपूर्ति न मिलने के वायरल फर्जी वीडियो का खंडन ...और पढ़ें

सेना ने चीनी घुसपैठ के दावों का गलत बताया।

सेना ने चीनी घुसपैठ के दावों का गलत बताया।

HighLights

  1. सेना ने चीनी घुसपैठ के वायरल वीडियो को गलत बताया।

  2. किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर सेना को बदनाम करने का आरोप लगाया।

  3. किरेन रिजिजू ने कांग्रेस से देश से माफी मांगने को कहा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश में चीनी घुसपैठ को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को भारतीय सेना ने गलत बताया है।

जिसके बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर निशाना साधा और पार्टी पर सेना की छवि खराब करने और भारत के दुश्मनों के एजेंडे को आगे बढ़ाने का आरोप लगाया है।

कहां से शुरू हुआ विवाद?

बिहार में कांग्रेस की प्रवक्ता रितु चौधरी ने एक पोस्ट शेयर की जिसमें दावा किया गया कि चीनी गाड़ियां भारतीय इलाके में घुस आई हैं, जबकि दूसरे पोस्ट में आरोप लगाया है कि चीन ने अरुणाचल प्रदेश के इलाकों पर कब्जा कर लिया है और सेना को जरूरी सप्लाई नहीं दी जा रही है।'

आर्मी ने दोनों पोस्ट को गलत बताया

भारतीय सेना ने आधिकारिक बयान जारी कर दोनों वीडियो के दावे की सच्चाई सामने रखी और इन्हें पूरी तरह से गलत बताया।पहले वीडियो को गलत बताते हुए आर्मी ने बताया कि इसमें सिक्किम के नाथू ला पास पर चीनी कमर्शियल गाड़ियां दिखाई गई थीं, जो भारत-चीन बॉर्डर ट्रेड पॉइंट है।

आर्मी ने कहा, 'एक ऑथराइज्ड बॉर्डर ट्रेड रूट पर कमर्शियल गाड़ियों की मूवमेंट को चीनी मिलिट्री की घुसपैठ के सबूत के तौर पर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।' 

दूसरे फेक वीडियो जिसमें लेफ्टिनेंट जनरल गिरीश कालिया कह रहे थे कि चीन ने अरुणाचल के कुछ हिस्सों पर कब्जा कर लिया है, आर्मी ने साफ किया कि वीडियो डीपफेक था।

आर्मी ने एक पोस्ट में कहा, 'ओरिजिनल फुटेज 27 अक्टूबर 2023 को जम्मू और कश्मीर के कुपवाड़ा में एक प्रेस ब्रीफिंग का था, जिसमें लाइन ऑफ कंट्रोल के पार घुसपैठ की कोशिशों के बारे में बताया गया था।'

आर्मी ने आगे कहा, 'उन्होंने अरुणाचल प्रदेश पर चीन के कंट्रोल या इंडियन आर्मी को सप्लाई देने से मना करने के बारे में ऐसा कोई बयान नहीं दिया'

कांग्रेस देश से माफी मांगे-किरेन रिजिजू

सेना की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। रिजिजू ने कहा, 'कांग्रेस पार्टी को भारतीय सेना की प्रतिष्ठा को धूमिल करने के लिए फर्जी AI वीडियो फैलाने के मामले में पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। यह स्पष्ट रूप से एक धोखेबाजी है और हमारे दुश्मनों के मंसूबों को हवा देने जैसा है। कांग्रेस पार्टी भारत के दुश्मनों की ओर से एक दुर्भावनापूर्ण अभियान चला रही है।'

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी. आर. केसवन ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि हमारी जांबाज सेना को बदनाम करने के लिए डीपफेक वीडियो का इस्तेमाल करना कांग्रेस की सेना विरोधी मानसिकता को साबित करता है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सेना के पराक्रम पर सवाल उठाना कांग्रेस की पुरानी आदत है।

NSUI अध्यक्ष का पलटवार

इस विवाद पर कांग्रेस की छात्र शाखा NSUI के अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा, 'भले ही वीडियो के साथ तकनीकी रूप से छेड़छाड़ की गई हो, लेकिन उसमें जो बात कही गई है, उसमें कुछ भी गलत नहीं है। वह हकीकत है।

भाजपा सरकार दिल्ली में युवाओं के लोकतांत्रिक विरोध को कुचलने के लिए पूरी ताकत लगाती है, लेकिन अरुणाचल प्रदेश में वास्तविक नियंत्रण पर सुरक्षा बल क्यों नहीं तैनात किए जा रहे हैं, जहाँ चीन हमारी जमीन पर लगातार नजर गड़ाए बैठा है?'

यह भी पढ़ें- भारतीय सेना के जवान अमेरिका में गाड़ेंगे भारत का झंडा, 2028 ओलंपिक के लिए आर्मी चीफ जनरल धीरज सेठ ने जताई उम्मीद