गुजरात के पाटन में NH-754A पर उतरे सेना के 4 विमान, 'विंग्स ऑफ वैलर' अभियान ने दिखाई ताकत
भारतीय सेना के चार विमानों ने 24 नवंबर को गुजरात के पाटन में अमृतसर-जामनगर आर्थिक गलियारे (NH-754A) पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की।

गुजरात के पाटन में NH-754A पर उतरे सेना के 4 विमान। (पीटीआई)
HighLights
भारतीय सेना के चार विमान गुजरात के पाटन में राजमार्ग पर उतरे।
यह राष्ट्रीय राजमार्गों की रणनीतिक क्षमता का सफल प्रदर्शन है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सेना की टीम को बधाई दी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजमार्गों की रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए भारतीय सेना के चार विमान 24 नवंबर को गुजरात के पाटन में अमृतसर-जामनगर आर्थिक गलियारे (एनएच-754ए) पर उतरे।
एक बयान के अनुसार, भारतीय सेना की टीम ‘माउंटेन ईगल्स’ के ये विमान (दो फिक्स्ड-विंग माइक्रोलाइट विमान और दो मोटर चालित हैंग ग्लाइडर) मध्य प्रदेश के महू स्थित मिलिट्री कॉलेज ऑफ टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (एमसीटीई) के आर्मी एडवेंचर नोडल सेंटर (एएएनसी) की ओर से आयोजित ‘विंग्स ऑफ वैलर एंड यूनिटी एक्सपेडिशन 2026’ के तहत कांडला हवाई अड्डे से रवाना हुए थे।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस प्रदर्शन को पूरा करने के लिए भारतीय सेना की टीम ‘माउंटेन ईगल्स’, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और संबंधित अधिकारियों को बधाई दी।
राजमार्ग के इस हिस्से को 17 करोड़ मानक धुरी भार (स्टैंडर्ड एक्सल) के यातायात भार को सहने के हिसाब से तैयार किया गया है। इसमें सड़क की ऊपरी परत की मोटाई 550 मिलीमीटर और उसके नीचे की मिट्टी की परत (सबग्रेड) की मोटाई 500 मिलीमीटर है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)