अमेरिकी चुनाव में भारतीय मूल की बेटियों का परचम, सबा हैदर और नित्या रमन ने जीता चुनाव
भारतीय मूल की सबा हैदर ने इलिनाय राज्य की प्रतिनिधि सभा का चुनाव जीता, जबकि नित्या रमन लास एंजेलिस की मेयर बनीं।

सबा हैदर ने इलिनाय राज्य प्रतिनिधि सभा चुनाव जीता

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिका के चुनावों में भारतीय मूल के उम्मीदवारों ने एक बार फिर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। गाजियाबाद की सबा हैदर ने इलिनाय राज्य की प्रतिनिधि सभा का चुनाव जीतकर इतिहास रच दिया।
वहीं, तमिलनाडु और केरल से पारिवारिक संबंध रखने वाली नित्या रमन ने लास एंजेलिस के मेयर पद पर जीत हासिल की। वह इस पद पर पहुंचने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी और दक्षिण एशियाई महिला बन गई हैं।
सबा हैदर और नित्य ने चुनाव जीता
एएनआई के अनुसार, सबा हैदर ने डेमोक्रेट उम्मीदवार के तौर पर रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी ब्रायन स्कोपा को हराया। उन्हें 21,996 वोट यानी 71.19 प्रतिशत मत मिले, जबकि स्कोपा को 8,902 वोट मिले।
सबा करीब 20 साल पहले अमेरिका गई थीं। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से पढ़ाई की और वाइल्डलाइफ साइंस में एमएससी की डिग्री हासिल की।
उनके पिता सैयद अली हैदर ने बेटी की जीत का श्रेय उसकी मेहनत, संवाद कौशल और लोगों से जुड़ने की क्षमता को दिया। उनके पैतृक क्षेत्र बुलंदशहर में भी जीत का जश्न मनाया गया।
नित्या ने मौजूदा मेयर को हराया
प्रेट्र के अनुसार, केरल में जन्मीं 45 वर्षीय नित्या रमन ने लास एंजेलिस की मौजूदा मेयर कैरेन बैस को हराया। उन्हें 52.70 प्रतिशत यानी 4,60,772 वोट मिले, जबकि बैस को 4,13,519 मत हासिल हुए। शहरी योजनाकार रमन 2020 में सिटी काउंसिल की सदस्य चुनी गई थीं।
उन्होंने हार्वर्ड विश्वविद्यालय से पढ़ाई और मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी (एमआइटी) से सिटी प्लानिंग में मास्टर्स किया है। उनकी जीत पर केरल के मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बधाई दी।
रायटर के अनुसार, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लास एंजेलिस और वाशिंगटन डीसी में प्रगतिशील उम्मीदवारों की जीत पर चिंता जताते हुए कहा कि बड़े शहरों में डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट नेतृत्व तबाही का कारण बन सकता है।
कई अन्य भारतवंशियों को भी सफलता
चुनाव में पिया डंडिया, डॉ. अमीश शाह, मनोज चौरसिया, दर्शना पटेल और रंजीव पुरी समेत कई भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। डॉ. कृष्ण सुब्रमण्यन मिनेसोटा स्टेट सीनेट के लिए चुने गए, जबकि अरुणा मिलर मैरीलैंड की लेफ्टिनेंट गवर्नर के पद पर फिर से निर्वाचित हुईं।
नबीला सैयद, लिसा कौल, अमर मुकुंदा, पूजा सेठी और ज्योत सिंह ने भी चुनावों में सफलता हासिल की। इससे अमेरिकी राजनीति में भारतीय मूल के समुदाय की बढ़ती भागीदारी और प्रतिनिधित्व का पता चलता है।