वरिष्ठ राजनयिक पंकज सरन बनाए गए उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार
कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने उन्हें दो साल के लिए उप एनएसए नियुक्त किया है। 30 नवंबर 2018 को सेवानिवृत होने जा रहे सरन अपना बाकी का कार्यकाल अनुबंध के आधार पर पूरा करेंगे।
नई दिल्ली, प्रेट्र। वरिष्ठ राजनयिक पंकज सरन को देश का उपराष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) नियुक्त किया गया है। सरन फिलहाल रूस में भारत के राजदूत हैं।
कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने उन्हें दो साल के लिए उप एनएसए नियुक्त किया है। 30 नवंबर 2018 को सेवानिवृत होने जा रहे सरन अपना बाकी का कार्यकाल अनुबंध के आधार पर पूरा करेंगे। भारतीय विदेश सेवा के 1982 बैच के अधिकारी सरन को 2015 में रूस में भारत का राजदूत नियुक्त किया गया था। सरन बांग्लादेश में भारतीय उच्चायुक्त रहे और दो बार प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में भी अपनी सेवाएं दीं।
पहली बार 1995 से 1999 में उन्होंने पीएमओ में उपसचिव/निदेशक और 2007 से 2012 के बीच संयुक्त सचिव की जिम्मेदारियां संभाली। 1999 से 2002 के बीच वह मिस्त्र की राजधानी काइरो स्थित भारतीय दूतावास में राजनीतिक और वित्तीय सलाहकार नियुक्त हुए। उनकी पत्नी प्रीति सरन विदेश मंत्रालय में सचिव हैं।
बता दें कि जनवरी में रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के पूर्व प्रमुख राजिंदर खन्ना को उप एनएसए नियुक्त किया गया था। इंटेलीजेंस ब्यूरो के पूर्व प्रमुख अजीत डोभाल 2014 से देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की भूमिका में हैं।