विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत-EU के बीच 16 दिसंबर को आएगी FTA पर गुड न्यूज, यूरोप के 27 देशों का बाजार खुलने से निर्यात को मिलेगी नई उड़ान

Published: Sun, 29 Nov 2026 07:56 PM (IST)

भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच 16 दिसंबर को मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना है, जिससे भारतीय वस्तुओं के लिए 27 यूरोपीय देशों का बाजार खुलेगा।

भारत-EU संबंध (सांकेतिक तस्वीर)

भारत-EU संबंध (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. भारत-ईयू एफटीए पर 16 दिसंबर को हस्ताक्षर, खुलेगा यूरोपीय बाजार।

  2. कनाडा के साथ व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर बातचीत में प्रगति।

  3. वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल कनाडा दौरे पर, एफटीए समीक्षा करेंगे।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। आगामी 16 दिसंबर को भारत और यूरोपीय यूनियन (ईयू) के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होने की पूरी संभावना है। इसके साथ ही भारत के लिए यूरोप के 27 देशों का बाजार खुल जाएगा, जहां भारतीय वस्तुएं बिना शुल्क या कम शुल्क पर बेची जा सकेंगी।

ईयू के बाद अगले साल कनाडा और अमेरिका के साथ भी व्यापार समझौते की पूरी उम्मीद है। वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले चार सालों में विभिन्न विकसित देशों के साथ व्यापार समझौते से 70 लाख करोड़ डालर के बाजार में भारतीय वस्तुओं को शुल्क में छूट मिल रही है या फिर पूरी तरह से शुल्क मुक्त हो चुका है।

वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल के मुताबिक जल्द ही 85 लाख करोड़ डालर के बाजार में भारतीय वस्तुएं शुल्क मुक्त या कम शुल्क की दर पर निर्यात की जा सकेंगी।अमेरिका के बाद भारत सबसे अधिक यूरोपीय यूनियन को निर्यात करता है और इस व्यापार समझौते से आने वाले समय में ईयू में अमेरिका से अधिक निर्यात होने की संभावना है।

भारत अमेरिका को सालाना 88 अरब डालर तो ईयू को 72 अरब डालर का निर्यात करता है। हालांकि ईयू में लागू होने वाले कार्बन बार्डर मैकेनिज्म (सीबीएम), ग्रीन क्लेम रूल, जबरन श्रम नियम का अनुपालन करने से निर्यात की प्रतिस्पर्धा क्षमता प्रभावित हो सकती है।

जानकारों का कहना है कि अगले साल मार्च तक यूरोपीय यूनियन के साथ होने वाले व्यापार समझौते पर अमल होने की उम्मीद है और इससे पहले भारत को सीबीएम, जबरन श्रम नियम जैसे मुद्दों को ईयू के साथ निपटाना होगा। सूत्रों का कहना है कि सीबीएम का नियम ईयू सभी देशों के लिए लागू कर रहा है। --------

निर्यातकों को तैयार करने का काम कर रहा वाणिज्य मंत्रालय

वाणिज्य मंत्रालय का कहना है कि दुनिया के सभी विकसित देशों के साथ व्यापार समझौते का फायदा उठाने के लिए विभाग विभिन्न राज्यो की सरकार के साथ मिलकर वहां के निर्यातकों को निर्यात बढ़ाने के लिए तैयार कराने की दिशा में कार्यक्रम कर रहा है। हाल ही में राजस्थान व उत्तराखंड सरकार के साथ मिलकर इस प्रकार के कार्यक्रम किए गए हैं और इसी प्रकार अन्य राज्यों में किए जाएंगे।

राजस्थान में जेम्स व ज्वैलरी सेक्टर के निर्यातकों को व्यापार समझौते से जुड़े बाजार की खासियत बताई गई ताकि वे उनके मुताबिक अपने उत्पाद को तैयार कर सके।

इस सप्ताह कनाडा का दौरा कर सकते हैं वाणिज्य सचिव

कनाडा के साथ प्रस्तावित एफटीए पर बातचीत की प्रगति की समीक्षा के लिए वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल इस सप्ताह वहां का दौरा कर सकते हैं। यह दौरा महत्वपूर्ण है क्योंकि दोनों देश दिसंबर तक बातचीत पूरी करने की योजना बना रहे हैं।

सूत्रों ने बताया कि सचिव 1 से 5 दिसंबर के बीच कनाडा का दौरा कर सकते हैं। 20 नवंबर को, दोनों देशों ने प्रस्तावित व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (सीईपीए) के लिए बातचीत का छठा दौर पूरा किया। इस बातचीत में वस्तुओं और सेवाओं का व्यापार, रूल्स आफ ओरिजिन (वस्तु के निर्माण का देश), व्यापार उपाय, बौद्धिक संपदा और निवेश को बढ़ावा देने जैसे प्रमुख विषय शामिल थे।

सीईपीए से व्यापार और निवेश के नए अवसर खुलेंगे, सप्लाई चेन मजबूत और विविध होगी तथा भारत व कनाडा के बीच आर्थिक साझेदारी और गहरी होगी। दोनों पक्षों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर 50 अरब डालर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।