विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'यूक्रेन और पश्चिम एशिया में शांति के लिए हर कोशिश का समर्थन करेगा भारत', डोनाल्ड टस्क से बातचीत में बोले पीएम मोदी

Published: Thu, 22 Oct 2026 02:10 PM (GMT+05:30)

प्रधानमंत्री मोदी ने पोलैंड के पीएम डोनाल्ड टस्क से बातचीत के बाद कहा कि भारत यूक्रेन और पश्चिम एशिया में शांति लाने के हर सार्थक प्रयास का समर्थन करेगा।

पोलैंड के पीएम डोनाल्ड टस्क और पीएम मोदी। (फोटो- पीटीआई।)

पोलैंड के पीएम डोनाल्ड टस्क और पीएम मोदी। (फोटो- पीटीआई।)

HighLights

  1. भारत यूक्रेन और पश्चिम एशिया में शांति प्रयासों का करेगा समर्थन।

  2. रक्षा, अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा में सहयोग बढ़ाने पर बनी सहमति।

  3. पोलैंड की कंपनियों को भारत में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पोलैंड के अपने समकक्ष डोनाल्ड टस्क के साथ व्यापक बातचीत के बाद कहा कि भारत, यूक्रेन और पश्चिम एशिया में शांति लाने के हर सार्थक प्रयास का समर्थन करना जारी रखेगा।

यूक्रेन में संघर्ष को समाप्त करने के लिए वैश्विक स्तर पर हो रहे नए प्रयासों के बीच टस्क तीन दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। बातचीत के बाद अपने मीडिया बयान में पीएम मोदी ने कहा कि भारत और पोलैंड के बीच रणनीतिक साझेदारी को विस्तार देने के लिए कई निर्णय लिए गए हैं और दोनों पक्ष आपसी सहयोग को और बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

'हम पोलैंड की कंपनियों को आमंत्रित करते हैं'

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमने रक्षा, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्रों में संबंधों को और गहरा करने पर सहमति बनाई है। हम पोलैंड की कंपनियों को आमंत्रित करते हैं कि वे इन सभी रणनीतिक क्षेत्रों में भारत के साथ मिलकर विकास और उत्पादन (को-डेवलपमेंट और को-प्रोडक्शन) के काम में शामिल हों।"

प्रधानमंत्री ने कहा कि बढ़ती द्विपक्षीय आर्थिक ताकत ने भारत-पोलैंड साझेदारी के लिए नए अवसर पैदा किए हैं। उन्होंने आगे कहा कि यूरोपीय संघ के साथ नई दिल्ली का मुक्त व्यापार समझौता दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करेगा।

'शांति की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का समर्थन'

उन्होंने कहा, "भारत और पोलैंड दोनों ही लोकतांत्रिक मूल्यों और कानून के शासन में विश्वास करते हैं। हमारा मानना है कि वैश्विक शासन संस्थानों को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए सुधार जरूरी हैं।" उन्होंने आगे कहा, "चाहे यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया भारत शांति की दिशा में किए जा रहे हर सार्थक प्रयास का समर्थन करना जारी रखेगा।"

यह भी पढ़ें: आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान क्वाड पर बन सकती है बात, मनीला में मोदी-ट्रंप की मुलाकात संभव