आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान क्वाड पर बन सकती है बात, मनीला में मोदी-ट्रंप की मुलाकात संभव
फिलीपींस की राजधानी मनीला में अगले महीने होने वाले आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मुलाकात की संभावना है।
-1792164855737_m.webp)
पीएम मोदी और ट्रंप की मनीला में मुलाकात संभव।
HighLights
पीएम मोदी और ट्रंप की मनीला में मुलाकात संभव।
आसियान शिखर सम्मेलन में क्वाड बैठक पर चर्चा।
भारत-अमेरिका तनाव के बीच महत्वपूर्ण कूटनीतिक अवसर।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। फिलीपींस की राजधानी मनीला में अगले महीने होने वाले आसियान शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मुलाकात की संभावना जताई जा रही है।
कूटनीतिक सूत्रों के अनुसार, इस मौके पर क्वाड (भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया) शिखर सम्मेलन के आयोजन की भी चर्चा चल रही है। आसियान शिखर सम्मेलन 16 से 18 नवंबर 2026 तक मनीला में आयोजित होगा, जिसमें ट्रंप की भागीदारी की पुष्टि हो चुकी है।
क्वाड का आखिरी लीडर शिखर सम्मेलन सितंबर 2024 में अमेरिका में हुआ था। इसके बाद भारत में इसका आयोजन करने की घोषणा की गई थी, लेकिन ट्रंप के राष्ट्रपति पद संभालने के बाद उनकी प्राथमिकताओं में बदलाव देखने को मिला।
उनकी कूटनीति में भारत को उतना महत्व नहीं मिला, जितनी अपेक्षा की जा रही थी। ट्रंप प्रशासन ने ऐसे कई कदम उठाए हैं, जिनसे भारत और अमेरिका के साझा हितों पर असर पड़ा है।
इनमें व्यापार और ऊर्जा संबंधी मुद्दे प्रमुख रहे। बहरहाल, क्वाड को लेकर नई सुगबुगाहट शुरू हुई है। इस वर्ष मई में नई दिल्ली में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक हुई थी, जिसमें मार्को रूबियो भी शामिल हुए। इसके अलावा जुलाई में मनीला में भी मंत्रियों की बैठक हुई।
हालांकि, सितंबर 2024 के लीडर समिट में लिए गए निर्णयों को आगे बढ़ाने में प्रगति सीमित रही है। सूत्रों का कहना है कि इस महीने जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान क्वाड विदेश मंत्रियों की अलग से बैठक की संभावना पर भी चर्चा चल रही है।
मनीला में मोदी-ट्रंप मुलाकात अगर होती है तो यह दोनों देशों के बीच चल रहे तनावों के बीच एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक अवसर साबित हो सकती है। आसियान के मंच पर इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में स्थिरता, समुद्री सुरक्षा और आर्थिक सहयोग जैसे मुद्दों पर बातचीत की उम्मीद है।
