Vande Bharat Mission: चीन के लिए और दो उड़ानें संचालित करेगा भारत, अभी बनाई जा रही है योजना
कोविड-19 लॉकडाउन के कारण फंसे भारतीयों को निकालने के लिए भारत 23 और 30 अक्टूबर को दिल्ली से चीन के शहर ग्वांगझू के लिए वंदे भारत मिशन के तहत दो उड़ानें संचालित करने की योजना बना रहा है।
बीजिंग, प्रेट्र। कोविड-19 लॉकडाउन के कारण फंसे भारतीयों को निकालने के लिए भारत 23 और 30 अक्टूबर को दिल्ली से चीन के शहर ग्वांगझू के लिए वंदे भारत मिशन के तहत दो उड़ानें संचालित करने की योजना बना रहा है। भारतीय दूतावास ने मंगलवार को बताया एयर इंडिया 23 और 30 अक्टूबर को ग्वांगझू-दिल्ली के लिए दो उड़ानें संचालित करने की योजना बना रही है। विमानन कंपनी द्वारा तय किराया का भुगतान कर इनके लिए टिकट खरीदे जा सकते हैं।
इन उड़ानों से वैध वìकग वीजा धारक चीन जा सकते हैं और वापसी में विमान घर वापसी के इच्छुक भारतीयों को लेकर आएगा। भारत ने वंदे भारत मिशन के तहत चीन से अभी तक पांच उड़ानें संचालित की हैं। पिछली पांचों उड़ानें शंघाई, ग्वांगझू और निंग्बो से संचालित हुई थीं। भारत ने इस साल फरवरी में तीन विशेष उड़ानों के जरिये वुहान में फंसे भारतीय छात्रों को भी निकाला था। चीन लौटने वाले को अधिकृत रूप से मान्य होटलों में 14 दिनों तक क्वारंटाइन रहना जरूरी होगा।
बता दें देश में बीते दिनों कोरोना सकंट के चलते सभी फ्लाइट बंद कर दी गई थी, जिसके चलते देश-विदेश में फंसे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। इस दौरान सरकार की तरफ से वंदे भारत मिशन और वंदे भारत मिशन के तहत देश-विदेश से लोगों को उनके घर भेजा गया था। फिलहाल देश में इंटरनेशल विमान सेवा शुरू नहीं की गई है। भारत देश मे संक्रमण के हिसाब से दुनिया अमेरिका के बाद दूसरे स्थान में बना हुआ है। प्रत्येक दिन यहां पर संक्रमण के मामले दर्ज हो रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 72,049 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान कोरोना से मरने वालों की संख्या 986 रही। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना का कुल आंकड़ा बढ़कर 67 लाख 57 हजार 132 तक पहुंच गया है।