'आत्मचिंतन करने की जरूरत', कराची हमले पर पाकिस्तान को भारत की खरी-खरी
भारत ने कराची में हुए हालिया आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की और पाकिस्तान के आरोपों को सिरे से खारिज ...और पढ़ें

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता, रणधीर जायसवाल।
HighLights
भारत ने कराची आतंकी हमले की कड़ी निंदा की।
पाकिस्तान के निराधार आरोपों को भारत ने खारिज किया।
आतंकवाद पर आत्मनिरीक्षण की सलाह दी पाकिस्तान को।
जागरण ब्यूरो नई दिल्ली। भारत ने रविवार को कराची सैन्य अड्डे पर हुए हमले में भारत की संलिप्तता के पाकिस्तान के आरोपों को न सिर्फ सिरे से खारिज कर दिया, बल्कि उसे अपने आतंरिक स्थिति पर ध्याने देने की सलाह भी दे डाली। भारत ने कहा कि पड़ोसी देश को आत्मनिरीक्षण करना चाहिए और अपनी धरती पर मौजूद आतंकी ढांचे के खिलाफ ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने कहा कि हमने पाकिस्तान की रिपोर्ट्स देखी हैं, जिनमें कराची की हालिया घटना को लेकर भारत पर बेबुनियाद आरोप लगाए गए हैं। हम इन आरोपों को स्पष्ट रूप से खारिज करते हैं।
आदत छोड़ने की सलाह
उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान को दूसरों पर उंगली उठाने की बजाय अपने अंदर झांकना चाहिए। उन्होंने पाकिस्तान को अपने क्षेत्र में मौजूद आतंकवादी ढांचे के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने और आतंकवाद को सरकार की नीति के रूप में इस्तेमाल करने की अपनी आदत छोड़ने की सलाह दी।
शनिवार रात हुआ हमला
गौरतलब है कि कराची में पाकिस्तान रेंजर्स के प्रांतीय मुख्यालय पर शनिवार रात आतंकवादियों के एक समूह ने हमला किया था। इसमें तीन पाकिस्तानी सुरक्षा कर्मी और तीन आतंकवादी मारे गए थे। पाकिस्तानी तालिबान से संबंधित आतंकी संगठन जमात-उल-अहरार ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
आतंकवाद के खिलाफ ठोस कदम उठाने की चेतावनी
पाकिस्तान की सेना और गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने दावा किया कि यह हमला 'भारतीय प्रॉक्सी' द्वारा कराया गया है, लेकिन इस आरोप को सत्यापित करने के लिए कोई सबूत नहीं दिया गया है। यह बयान भारत की पुरानी नीति है जिसमें वह पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ ठोस कदम उठाने की चेतावनी देता रहा है।
बेबुनियाद आरोप को बर्दाश्त नहीं
भारत बार-बार कह चुका है कि पाकिस्तान की धरती से सक्रिय आतंकवादी समूह क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं। विदेश मंत्रालय के इस सख्त रुख से साफ है कि भारत किसी भी बेबुनियाद आरोप को बर्दाश्त नहीं करेगा।
