विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'खुद की नाकामी का जवाब गोलियों से दिया गया': PoK प्रदर्शन पर भारत ने पाकिस्तान को सुनाई खरी-खरी

Published: Tue, 11 Aug 2026 06:28 PM (IST)Updated: Tue, 11 Aug 2026 06:30 PM (IST)

भारत ने गुलाम कश्मीर (PoK) में प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तान के हमलों की कड़ी निंदा की है।

PoK में प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई पर भारत ने उठाए सवाल

PoK में प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई पर भारत ने उठाए सवाल

HighLights

  1. भारत ने PoK में प्रदर्शनकारियों पर हमले की निंदा की।

  2. विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान को मानवाधिकार उल्लंघन के लिए जिम्मेदार ठहराया।

  3. PoK में 90 से अधिक लोग मारे गए, भारत ने सवाल उठाए।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान सरकार ने गुलाम कश्मीर (PoK) में प्रदर्शनकारियों पर लगातार हमले किए हैं। भारत ने इन हमलों की कड़ी आलोचना की है।

विदेश मंत्रालय ने गुलाम कश्मीर (PoK) में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई कार्रवाई पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय से कहा कि वह मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराए।

PoK पर प्रदर्शनकारियों पर हुए हमले पर भारत का सख्त रुख

विदेश मंत्रालय की हर दो हफ्ते में होने वाली प्रेस ब्रीफिंग के दौरान प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'PoK में लोगों के असंतोष का जवाब पाकिस्तान के अधिकारियों ने गोलियों और ब्लैकआउट (बिजली/इंटरनेट बंद करके) से दिया।'

रणधीर जायसवाल ने कहा, 'हम पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर और पाक के अन्य हिस्सों में हो रहे मानवाधिकार उल्लंघनों की ओर ध्यान दिलाना चाहते हैं।'

भारत की तरफ से कहा गया, 'हम अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील करते हैं कि वह पाकिस्तान को उसके गलत कामों, ज्यादतियों और मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघनों के लिए जिम्मेदार ठहराए, जिसमें उसके अपने लोगों के खिलाफ किए गए उल्लंघन भी शामिल हैं।'

भारत ने पाक कार्रवाई पर उठाए सवाल

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने आगे कहा, 'पिछले कुछ महीनों में हमने PoK में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन देखे हैं, जिनमें चुनाव के दौरान और उससे पहले के प्रदर्शन भी शामिल हैं।'

जायसवाल ने पाकिस्तान की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए आगे कहा, 'लोगों के असंतोष का जवाब गोलियों, ब्लैकआउट, दमन और उत्पीड़न से दिया गया। 90 से अधिक लोग मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं। यह खबर दुनिया भर में चर्चा का विषय बनी है।'

भारत की तरफ से ये टिप्पणियां तब की आई हैं, जब जून और जुलाई में पाकिस्तान में प्रदर्शनकारी और पाक सेना के बीच झड़पों में कम से कम 90 लोग मारे गए, जिनमें प्रदर्शनकारी, सुरक्षाकर्मी और आम नागरिक शामिल थे।

PoK में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ भारी विरोध प्रदर्शन

प्रतिबंधित 'ज्वाइंट अवामी एक्शन कमेटी' (JAAC) जून से ही पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में शरणार्थियों के लिए आरक्षित 12 विवादास्पद सीटों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही है।

संगठन का आरोप है कि पाकिस्तान का तंत्र अपनी पसंद के प्रधानमंत्री को तथाकथित PoK सरकार का नेतृत्व सौंपने के लिए इन सीटों में हेरफेर करता है।

यह भी पढ़ें- 'अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न हिस्सा, इसे कोई बदल नहीं सकता', भारत की चीन को दो टूक