विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कायरतापूर्ण और अमानवीय...', काबुल पर एयरस्ट्राइक में 400 लोगों की मौत; भारत ने PAK को लताड़ा

Published: Tue, 17 Mar 2026 01:11 PM (IST)

भारत ने काबुल के ओमिद एडिक्शन ट्रीटमेंट हॉस्पिटल पर पाकिस्तान के हवाई हमले की कड़ी निंदा की है। इस क्रूर ...और पढ़ें

HighLights

  1. भारत ने काबुल अस्पताल पर पाकिस्तान के हवाई हमले की निंदा की।

  2. सैकड़ों लोगों की मौत, भारत ने दोषियों की जवाबदेही मांगी।

  3. पाकिस्तान की कायराना हरकत अफगानिस्तान की संप्रभुता पर सीधा हमला।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान द्वारा 16 मार्च की रात को काबुल में एक नशामुक्ति अस्पताल पर किए गए हवाई हमले की कड़ी निंदा की है। भारत सरकार के आधिकारिक प्रवक्ता ने जारी बयान में इस हमले को 'जघन्य, कायरतापूर्ण और अस्वीकार्य' करार दिया है।

  • काबुल स्थित स्थानीय एजेंसियों का कहना है कि 16 मार्च 2026 की रात लगभग 9 बजे अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में स्थित ओमिद एडिक्शन ट्रीटमेंट हॉस्पिटल पर हवाई हमला हुआ और इसमें 400 से ज्यादा मरीजों व अधिकारियों की मौत हुई है।
  • यह अफगानिस्तान का सबसे बड़ा ड्रग रिहैबिलिटेशन सेंटर है। अफगानिस्तान पिछले पांच दशकों से अस्थिर है और युद्ध झेल रहा है, इसके बावजूद शायद ही किसी एक हमले में एक साथ इतने सारे लोगों की मौत एक साथ नहीं हुई है।
  • अफगान तालिबान सरकार ने कहा है कि इसके पास कोई सैन्य ठिकाना नहीं था, इसके बावजूद पाकिस्तान की सेना ने हमला किया है। पाकिस्तान ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

बड़ी संख्या में नागरिकों की जानें गई

भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि यह एक कायरतापूर्ण और अस्वीकार्य हिंसक कृत्य है, जिसमें एक ऐसी सुविधा में बड़ी संख्या में नागरिकों की जानें गई हैं, जिसे किसी भी हालत में सैन्य लक्ष्य के रूप में उचित नहीं ठहराया जा सकता। पाकिस्तान अब एक नरसंहार को सैन्य अभियान के रूप में प्रस्तुत करने की कोशिश कर रहा है।

सैन्य लक्ष्य

प्रवक्ता ने आगे कहा है कि यह हमला एक अस्पताल पर हुआ, जो किसी भी सैन्य लक्ष्य के रूप में उचित नहीं ठहराया जा सकता। यह नागरिकों की हत्या है। यह अफगानिस्तान की संप्रभुता पर सीधा हमला है और क्षेत्रीय शांति के लिए खतरा है। पाकिस्तान अपनी आंतरिक असफलताओं को बाहर निकालने के लिए ऐसे कृत्यों में लिप्त है।

हमले तुरंत रोकने चाहिए

भारत ने यह मुद्दा भी उठाया है कि हमला रमजान के पवित्र महीने में हुआ, जब मुस्लिम समुदाय शांति, चिंतन और दया का पालन करते हैं। इसको निंदनीय बताते हुए कहा है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को अपराधियों को जवाबदेह ठहराना चाहिए और पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान में नागरिकों पर हमले तुरंत रोकने चाहिए। भारत ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा है कि अफगानिस्तान के लोगों के साथ एकजुटता जताता है। भारत अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का अटूट समर्थन करता है।

नागरिकों की सुरक्षा

सनद रहे कि यह घटना अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव का हिस्सा है। इस साल की शुरुआत से ही दोनों देश एक दूसरे पर हमला कर रहे हैं और साथ ही एक दूसरे को आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप लगा रहा है। दोनों देश एक-दूसरे पर तालिबान/तेहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान जैसे समूहों को समर्थन देने का आरोप लगा रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र समेत कई दूसरे अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां अफगानिस्तान व पाकिस्तान को नागरिकों की सुरक्षा और तनाव कम करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान में पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक, 400 से ज्यादा लोगों की मौत; 250 घायल