'रोहिंग्याओं की सुरक्षित और तेज वापसी', म्यांमार पर ICJ के फैसले के बाद भारत ने दोहराया अपना रुख
अंतरराष्ट्रीय न्यायालय के म्यांमार पर फैसले के बाद भारत ने रोहिंग्या मुसलमानों की सुरक्षित और टिकाऊ वापसी के प्रति अपना समर्थन दोहराया है।
-1795175787539_m.webp)
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल।
HighLights
भारत ने रोहिंग्या मुसलमानों की सुरक्षित वापसी का समर्थन किया।
आईसीजे के म्यांमार पर फैसले के बाद भारत का बयान आया।
'ऑपरेशन इंसानियत' के तहत मानवीय सहायता प्रदान की गई।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) की तरफ से म्यांमार के खिलाफ नरसंहार मामले में फैसला सुनाए जाने के एक दिन बाद भारत ने रोहिंग्या मुसलमानों को लेकर अपना रुख साफ किया है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को विस्थापित रोहिंग्या मुसलमानों की म्यांमार में सुरक्षित और टिकाऊ वापसी के प्रति अपना समर्थन फिर से दोहराया है।
मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत ने हमेशा विस्थापित रोहिंग्याओं की सुरक्षित, तेज और टिकाऊ वापसी का समर्थन किया है। उन्होंने बांग्लादेश के शिविरों में रह रहे रोहिंग्या शरणार्थियों को भारत की मानवीय सहायता का भी जिक्र किया।
जायसवाल ने ऑपरेशन इंसानियत का किया जिक्र
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने आगे बताया कि भारत ने ऑपरेशन इंसानियत' के तहत पांच खेपोंमें राहत सामग्री भेजी थी। जायसवाल ने म्यांमार में भारत के विकास सहायता कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया।
2017 से जारी है मदद का सिलसिला
बता दें कि रोहिंग्या संकट को लेकर भारत की मानवीय सहायता सितंबर 2017 में शुरू हुई थी, जब भारत ने म्यांमार से भागकर आए शरणार्थियों की बड़ी संख्या को संभालने में बांग्लादेश की मदद के लिए 'ऑपरेशन इंसानियत' शुरू किया था।
विदेश मंत्रालय की 2017-18 की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने करीब 3 लाख विस्थापित लोगों को जरूरी राहत सामग्री पहुंचाई थी। इसमें चावल, दाल, चीनी, नमक, खाना पकाने का तेल, चाय, तुरंत खाने लायक भोजन, बिस्कुट और मच्छरदानी शामिल थे।
इतना ही नहीं संसद में सरकार द्वारा दिए गए एक लिखित जवाब के मुताबिक, भारत ने अक्टूबर और नवंबर 2017 के दौरान म्यांमार में भी लगभग 15000 विस्थापित लोगों को राहत सामग्री दी थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।