सऊदी अरब में हाउसमेड की सप्लाई पर पूरी तरह से लग जाएगा बैन!
सऊदी अरब में भारतीय महिला नौकरानी के मालिक द्वारा हाथ काटने की घटना के बाद अब विदेश मंत्रालय भारत से सऊदी अरब में हाउसमेड की सप्लाई पर पूरी तरह से रोक लगाने पर विचार कर रहा है। यह विचार आने के पीछे महज एक यही घटना नहीं है, बल्कि पिछले
नई दिल्ली। सऊदी अरब में भारतीय महिला नौकरानी के मालिक द्वारा हाथ काटने की घटना के बाद अब विदेश मंत्रालय भारत से सऊदी अरब में हाउसमेड की सप्लाई पर पूरी तरह से रोक लगाने पर विचार कर रहा है। यह विचार आने के पीछे महज एक यही घटना नहीं है, बल्कि पिछले काफी समय से यह बातें सामने आ रही हैं कि सऊदी अरब में भारतीय नौकरों या नौकरानियों के साथ लगातार बदसलूकी की जा रही है। इसमें कई दुष्कर्म के भी मामले भी मंत्रालय के सामने आए हैं, इसके बाद ही अब वहां पर हाउसमेड की सप्लाई पर पूरी तरह से रोक लगाने का मन बनाया जा रहा है।
इस बारे में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पार्लियामेंट्री कमेटी ऑफ दी मिनिस्ट्री ऑफ ओवरसीज इंडियन अफेयर्स (PCMOIA) के साथ भी बैठक की है। इस बारे में जानकारी देते हुए राज्यसभा सांसद डी राजा ने बताया कि तमिलनाडु के वैल्लोर और आंध्र प्रदेश के गोदावरी जिले से सऊदी अरब में सबसे ज्यादा हाउसमेड की सप्लाई की जाती है। लेकिन हाल की घटना के बाद वहां पर हाउसमेड की सप्लाई पर पूरी तरह से रोक लगाने पर विचार किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक भारत और सऊदी अरब के बीच वर्ष 2007 में इस बात को लेकर समझौता हुआ था कि भारतीय कर्मी की सेवा लेने से पूर्व नियोक्ता भारतीय दूतावास में 2500 डॉलर की बैंक गारंटी देगा। लेकिन इस समझौते को आज तक सऊदी अरब ने पूरा नहीं किया है। सुषमा स्वराज के साथ हुई बैठक में इस बात पर भी विचार किया गया कि किस तरह से भारतीयों के खिलाफ विदेशाें में हो रहे जघन्य अपराधों पर काबू पाया जाए।
भारतीय नौकरानी के हाथ काटने की घटना को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता: सुषमा स्वराज
गौरतलब है कि पिछले दिनों सऊदी अरब में एक भारतीय नौकरानी के हाथ काटने की घटना के बाद विदेश मंत्रालय ने काफी नाराजगी व्यक्त की है। मामले पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने इस घटना को बर्दाश्त करने के बाहर बताया। उन्होंने सऊदी अरब की सरकार से अपील की है कि वह दोषी को सख्त सजा दें। इस पूरे मामले पर विदेश मंत्रालय निगाह बनाए हुए है। इसके अलावा विदेश मंत्रालय रियाद में इलाज करवा रही पीडि़ता और चेन्नई में मौजूद उसके परिजनों से भी संपर्क में है।