'भारत एक चुनौती, एकजुट हो जाओ', आतंकी हाफिज सईद के बेटे ने फिर उगला जहर; PMML को बताया नई मुस्लिम लीग
आतंकवादी हाफिज तलहा सईद ने पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग के मंच से भारत के खिलाफ भड़काऊ बयानबाजी करते हुए पाकिस्तानियों को एकजुट होने का आह्वान किया।

तलहा सईद ने भारत के खिलाफ उगला जहर
HighLights
हाफिज सईद के बेटे तलहा सईद ने फिर भारत के खिलाफ जगर उगला है।
PMML को बताया मुस्लिम लीग का विस्तार।
UAPA के तहत घोषित आतंकी है तलहा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के संस्थापक और 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के बेटे हाफिज तलहा सईद ने एक बार फिर भारत के खिलाफ जगर उगला है।
तलहा ने पाकिस्तान मरकजी मुस्लिग लीग (PMMML) के मंच से पाकिस्तान आंदोलन से जुड़ी एकता की भावता को फिर से जगाने की बात कही है। तलहा ने भारत को एक ऐसी चुनौती के रूप में पेश किया है जिसका सामना करने के लिए पाकिस्तानियों को एकजुट होने और राष्ट्रीय एकता दिखाने की जरूरत है।
मुस्लिम लीग का विस्तार है PMML
एक जनसभा को संबोधित करते हुए, तलहा सईद ने दावा किया कि पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग उसी पुरानी मुस्लिम लीग का विस्तार है, जिसने भारत के विभाजन से पहले पाकिस्तान बनाने के आंदोलन का नेतृत्व किया था।
तलहा ने कहा यह राजनीतिक संगठन विभाजन से पहले की उस मुस्लिम लीग जैसी ही भूमिका निभा सकता है, जिसने उस समय अलग-अलग क्षेत्रों के बिखरे हुए मुसलमानों को एक साझा राजनीतिक उद्देश्य के लिए एकजुट किया था।
सभा में अपने संबोधन के दौरान तलहा ने कहा, यह उसी मुस्लिम लीग का सिलसिला है। जैसे-जैसे दिन, महीने और साल बीतेंगे, आपको समझ आएगा कि किस मुस्लिम लीग ने पाकिस्तान बनाया था और किस मुस्लिम लीग ने पाकिस्तान आंदोलन चलाया था।
पाकिस्तानियों से एकजुट होने की अपील
तलहा ने दावा किया कि पाकिस्तान बनने से पहले, मुस्लिम लीग ने बिखरी हुई मुस्लिम आबादी को एक राजनीतिक समुदाय में बदल दिया था। उसने आज के पाकिस्तान की राजनीतिक स्थिति को बंटा हुआ और अव्यवस्थित बताते हुए कहा कि PMML आज के राजनीतिक माहौल में भी ठीक वैसा ही बदलाव ला सकती है।
उसने कहा, आज, यही पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग, इस बिखरी हुई और असंगठित भीड़ को एक राष्ट्र में, एक जीवंत पाकिस्तानी राष्ट्र के रूप में एकजुट करने जा रही है।
'पाकिस्तान मुस्लिम उम्माह का संरक्षक है'
अपने संबोधन में तलहा ने पाकिस्तान को एक ऐसे देश के रूप में पेश किया जिसकी वैश्विक मुस्लिम समुदाय के प्रति एक अहम जिम्मेदारी है। उसने दावा किया कि दुनिया भर के मुसलमान नेतृत्व और सुरक्षा के लिए पाकिस्तान की ओर देखते हैं। पाकिस्तान को मुस्लिम उम्माह का संरक्षक बताते हुए उसने कहा, पाकिस्तान हरमैन शरीफैन (मक्का और मदीना में स्थित इस्लाम के दो सबसे पवित्र स्थलों) का संरक्षक है।
उसने आगे कहा कि पाकिस्तान को इस्लामी दुनिया में अपने नेतृत्व के बारे में केवल राजनीतिक बयानों या दावों पर निर्भर रहने के बजाय, अपने लोगों के आचरण और कार्यों के माध्यम से अपनी स्थिति मजबूत करनी चाहिए। उसने कहा, हमें अपने चरित्र और कार्यों से यह साबित करना होगा कि हम, यानी पाकिस्तानी राष्ट्र, एक जीवंत और जिम्मेदार राष्ट्र हैं।
राजनीति और वोट को बताया 'इबादत'
तल्हा ने PMML को एक वैचारिक राजनीतिक संगठन बताया जिसका उद्देश्य आम पाकिस्तानियों की रोजमर्रा की मुश्किलों को दूर करना है। उसने दावा किया कि देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति में इस पार्टी की अहम भूमिका है। जनता की सेवा करने के दावे के साथ उसने मतदाताओं से अपील की कि वे चुनाव में पार्टी द्वारा उतारे गए उम्मीदवारों का समर्थन करें।
अपने भाषण को पूरी तरह धार्मिक रंग देते हुए उसने यह तक कह दिया कि पार्टी के उम्मीदवारों को वोट देना एक तरह की इबादत है।
कौन है हाफिज तलहा सईद?
हाफिज तलहा सईद, कुख्यात आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज मुहम्मद सईद का बेटा है। लश्कर-ए-तैयबा वही पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन है जो नवंबर 2008 के भयानक मुंबई हमलों के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार है।
भारत की सुरक्षा और संप्रभुता के लिए गंभीर खतरा बने तलहा पर शिकंजा कसते हुए अप्रैल 2022 में भारत सरकार ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत उसे एक व्यक्तिगत आतंकवादी घोषित किया था।
गृह मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, तलहा को लश्कर-ए-तैयबा के एक वरिष्ठ नेता और इसके क्लर्क विंग (धार्मिक मामलों से जुड़े विभाग) के प्रमुख के रूप में पहचाना गया था।
उस पर प्रतिबंधित संगठन के लिए सदस्यों की भर्ती करने, भारी मात्रा में फंड जुटाने और भारत तथा अफगानिस्तान में भारतीय हितों के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने में सक्रिय रूप से शामिल होने का आरोप है। भारतीय अधिकारियों ने उसके उन भड़काऊ उपदेशों और भाषणों का भी बार-बार हवाला दिया है, जिनमें उसने खुले तौर पर भारत के खिलाफ जिहाद को बढ़ावा दिया है।
हालांकि PMML पहले भी पाकिस्तान की चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लेती रही है, लेकिन इसके राजनीतिक और वैचारिक तार सीधे तौर पर हाफिज सईद और लश्कर-ए-तैयबा नेटवर्क से जुड़े होने के कारण भारत में इस पर कड़ी नजर रखी जाती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।