विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का बजट ₹38 लाख करोड़ के पार, 10% से ज्यादा लागत बढ़ने पर वित्त मंत्रालय ने मांगा जवाब

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:47 PM (IST)

देश में सड़क, रेलवे और बिजली जैसी बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की लागत में 3.28 लाख करोड़ रुपये की भारी बढ़ोतरी हुई है, जिससे कुल संशोधित बजट 38.11 लाख करोड़ रुपये हो गया है। 

परियोजनाओं की लागत मूल अनुमान से 3.28 लाख करोड़ रुपये बढ़ी। (फोटो-investindia.gov.in)

परियोजनाओं की लागत मूल अनुमान से 3.28 लाख करोड़ रुपये बढ़ी। (फोटो-investindia.gov.in)

HighLights

  1. परियोजनाओं की लागत मूल अनुमान से 3.28 लाख करोड़ रुपये बढ़ी।

  2. संशोधित बजट बढ़कर 38.11 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।

  3. वित्त मंत्रालय ने लागत वृद्धि पर मंत्रालयों से स्पष्टीकरण मांगा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में सड़क, रेलवे, बिजली और परिवहन से जुड़ी बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की लागत में भारी बढ़ोतरी हुई है। अक्टूबर 2026 तक इन परियोजनाओं का खर्च मूल अनुमान से 3.28 लाख करोड़ रुपये अधिक हो चुका है। लागत बढ़ने के बाद इनका संशोधित बजट 38.11 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।

वित्त मंत्रालय ने लागत में 10 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी वाली परियोजनाओं पर संबंधित मंत्रालयों से जवाब मांगा है। मंत्रालयों को स्पष्ट करना होगा कि खर्च बढ़ने का क्या कारण है। परियोजनाओं को पूरा करने की नई समयसीमा भी बतानी होगी।

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआई) की ओर से गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार केंद्र सरकार के 17 मंत्रालयों और विभागों के तहत 150 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं पर अब तक 17.87 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। यह परियोजनाओं की कुल लागत का करीब 46.88 प्रतिशत है। कई परियोजनाएं अब अंतिम चरण में हैं।

परिवहन और लाजिस्टिक्स क्षेत्र में सबसे अधिक 1,324 परियोजनाएं चल रही हैं। इनकी कुल लागत 20.37 लाख करोड़ रुपये है। रेलवे की 288 परियोजनाओं की लागत 7.38 लाख करोड़ रुपये, जबकि बिजली मंत्रालय की 108 परियोजनाओं की लागत 6.55 लाख करोड़ रुपये है। कोयला मंत्रालय की 121 परियोजनाओं की कुल संशोधित लागत 2.22 लाख करोड़ रुपये है।

2.63 लाख करोड़ रुपये की 173 परियोजनाएं उच्च शिक्षा, नागरिक उड्डयन, इस्पात, दूरसंचार, श्रम एवं रोजगार, बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, खान, खेल सहित विभिन्न मंत्रालयों और विभागों से संबंधित हैं।

मंत्रालय - परियोजनाएं - लागत

-पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय- 117 - 4.42 लाख करोड़ रुपये
- विद्युत मंत्रालय - 108- 6.55 लाख करोड़ रुपये
- आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय - 50- 3.44 लाख करोड़ रुपये
- जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग- 33 - 1.93 लाख करोड़ रुपये

सोर्स- न्यूज एजेंसी आइएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।