विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारतीय बैंकों के हाउसिंग लोन पोर्टफोलियो में बड़ा बदलाव, 50 लाख से ज्यादा के Home Loan की ओर झुकाव

Published: Tue, 30 Jun 2026 11:15 PM (IST)

भारतीय बैंकों के हाउसिंग लोन पोर्टफोलियो में बड़ा बदलाव आया है, जहां अब 50 लाख से अधिक के ऋणों का हिस्सा बढ़ गया है।

होम लोन की तरफ बढ़ रहा लोगों का झुकाव (जागरण)

होम लोन की तरफ बढ़ रहा लोगों का झुकाव (जागरण)

HighLights

  1. उच्च मूल्य वाले हाउसिंग लोन का पोर्टफोलियो में हिस्सा बढ़ा।

  2. गैर-हाउसिंग रिटेल लोन के कारण परिवारों का कुल कर्ज बढ़ा।

  3. आरबीआई ने उपभोग-आधारित कर्ज वृद्धि पर चिंता व्यक्त की।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भारतीय बैंकों के हाउसिंग लोन पोर्टफोलियो में पिछले एक दशक में उल्लेखनीय बदलाव आया है। वर्ष 2014 में 25 लाख रुपये से कम मूल्य के ऋण कुल हाउसिंग लोन का 60.6 फीसद हिस्सा रखते थे, जो बताता है कि पहले कम कीमत वाली आवासीय इकाइयों की मांग ज्यादा थी। लेकिन अब स्थिति उलट गई है।

हाल के वर्षों में उच्च मूल्य वाले सेगमेंट की ओर शिफ्ट देखा जा रहा है, जिसमें 50 लाख रुपये और उससे अधिक लिमिट वाले लोन का हिस्सा बढ़कर कुल बकाया हाउसिंग लोन का 44.7 फीसद हो गया है। यह स्थिति देश में हाउसिंग इकाइयों की बढ़ती कीमत को भी प्रदर्शित करती है।

आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, बैंकों में हाउसिंग क्षेत्र में फंसे कर्जे (एनपीए) की स्थिति काफी नियंत्रित बनी हुई है। यह मार्च 2019 के 1.2 फीसद से घटकर मार्च 2026 में मात्र 0.5 प्रतिशत रह गया है। इससे साफ है कि उच्च मूल्य वाले हाउसिंग लोन भी अपेक्षाकृत सुरक्षित श्रेणी में आते हैं।

लोन लेने का बदल रहा तरीका

मंगलवार को आरबीआइ की तरफ से जारी वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट (एफएसआर) में देश में कर्ज लेने की प्रवृति का भी पता चलता है। इस रिपोर्ट से पता चलता है कि गैर-हाउसिंग रिटेल लोन की बढ़ती प्रवृति से आरबीआइ चिंतित है।

रिपोर्ट में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि देश का हाउसहोल्ड डेट (परिवारों का कुल कर्ज) लगातार बढ़ रहा है। सितंबर 2025 के अंत तक यह जीडीपी का 45.5 फीसद पहुंच गया है।

जुलाई 2023 में यह अनुपात मात्र 41.5 फीसद था। इस दौरान जीडीपी में वृद्धि हुई है, लेकिन आंकड़े स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि आम लोग अब पहले से कहीं अधिक कर्ज ले रहे हैं।

इस बढ़ोतरी का मुख्य कारण गैर-हाउसिंग रिटेल लोन हैं, जिनकी हिस्सेदारी मार्च 2026 तक कुल घरेलू उधार का 58.4 फीसद हो गई है। यह हिस्सा लगातार बढ़ रहा है और हाउसिंग लोन तथा कृषि-कारोबारी ऋणों से आगे निकल गया है।

कुल कर्ज में हाउसिंग लोन का हिस्सा 26.3 फीसद है, जबकि कृषि और कारोबारी उद्देश्यों से लिए गए कर्ज की हिस्सेदारी मात्र 15.3 फीसद रह गई है।

आरबीआई के वर्गीकरण के अनुसार, उपभोग के लिए गए ऋण कुल घरेलू कर्ज का लगभग आधा हिस्सा हैं। उपभोग संबंधी लोन घरेलू कर्ज वृद्धि के प्रमुख चालक बने हुए हैं, जबकि उत्पादक उद्देश्यों के लोन दूसरे स्थान पर हैं।

वैसे भारत का हाउसहोल्ड डेट अनुपात चीन (59 फीसद), मलेशिया (69.9 फीसद) और थाइलैंड (87.3 फीसद) की तुलना में अभी भी कम है, लेकिन तेजी से बढ़ रहा है।

आम तौर पर माना जाता है कि गैर-हाउसिंग रिटेल लोन में वृद्धि उपभोग-प्रधान विकास को दर्शाती है, जो अल्पावधि में अर्थव्यवस्था को गति दे सकती है, लेकिन लंबे समय में घरेलू वित्तीय स्थिरता के लिए चुनौती भी पैदा कर सकती है।

यह भी पढ़ें- LPG से आधार कार्ड तक के बदल रहे नियम, 1 जुलाई से आप पर पड़ेगा कितना असर?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।