हिंद महासागर की नीतियों पर 27 नवंबर को दिल्ली में महामंथन, 23 सदस्य देशों के मंत्री लेंगे हिस्सा
भारत वैश्विक और क्षेत्रीय कूटनीति में सक्रियता बढ़ा रहा है, जिसमें 27 नवंबर को नई दिल्ली में 25वीं हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (IORA) मंत्रिपरिषद की बैठक की मेजबानी प्रमुख है।

भारत 27 नवंबर को 25वीं IORA मंत्रिपरिषद बैठक की मेजबानी करेगा (विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल, फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। वैश्विक और क्षेत्रीय कूटनीति के मोर्चे पर भारत ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बुधवार को साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कई महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों की जानकारी साझा की।
भारत शुक्रवार (27 नवंबर) को राष्ट्रीय राजधानी में 25वीं हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (आइओआरए) मंत्रिपरिषद की बैठक की मेजबानी करने जा रहा है, जिसमें हिंद महासागर क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दों और भविष्य की नीतियों पर मंथन होगा।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि आइओआरए के 23 सदस्य देशों और 12 संवाद भागीदारों के विदेश मंत्री व वरिष्ठ अधिकारी इस सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। मुख्य मंत्रिस्तरीय बैठक से पहले वरिष्ठ अधिकारियों की समिति की बैठक आयोजित की जा रही है।
सीमा प्रबंधन के मोर्चे पर मंत्रालय ने पुष्टि की कि भारतीय और चीनी सेनाओं ने इस महीने अरुणाचल प्रदेश सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के लंबित मुद्दों को सुलझाने के लिए उच्चस्तरीय वार्ता की है।
ऊपरी सुबनसिरी क्षेत्र में चीनी सैनिकों की आक्रामक गतिविधियों की खबरों के बीच कई दिनों तक चली यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है। इसके अतिरिक्त, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने सोमवार को फोन पर द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय मुद्दों और मौजूदा वैश्विक संघर्षों पर विस्तृत चर्चा की।
प्रवासी मुद्दों पर जानकारी देते हुए मंत्रालय ने बताया कि वर्ष 2026 की शुरुआत से अब तक अमेरिका से कुल 1,700 भारतीय नागरिकों को निर्वासित किया गया है, जिन्हें राष्ट्रीयता सत्यापन की प्रक्रिया के बाद स्वीकार किया गया।
वहीं, भारत-अफ्रीका शिखर सम्मेलन को लेकर जायसवाल ने कहा कि कुछ अपरिहार्य कारणों से इस वर्ष स्थगित हुए इस सम्मेलन की नई और उपयुक्त तारीखें तय करने के लिए भारत लगातार अफ्रीकी संघ के संपर्क में है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)