विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंतरिक्ष में बनेंगी नई दवाएं और टीके? माइक्रोग्रैविटी शोध की तैयारी में भारत; क्या है पूरा प्लान?

Published: Sun, 22 Nov 2026 07:37 PM (IST)

भारत अपनी अंतरिक्ष क्षमताओं का उपयोग दवा और वैक्सीन विकास में नई संभावनाएं तलाशने के लिए कर रहा है। वैज्ञानिक, बायोटेक कंपनियां और स्टार्टअप माइक्रोग्रैविटी में शोध की तैयारी कर रहे हैं ताकि भविष्य में बेहतर उपचार विकल्प मिल सकें।

अंतरिक्ष में दवा बनाने की संभावनाएं तलाश रहा भारत (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

अंतरिक्ष में दवा बनाने की संभावनाएं तलाश रहा भारत (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. भारत अंतरिक्ष में दवा और वैक्सीन विकास की संभावनाएं तलाश रहा है।

  2. माइक्रोग्रैविटी में शोध से नई दवाएं और उपचार विकसित होंगे।

  3. भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन भविष्य में जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान का केंद्र बनेगा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत अब अपनी अंतरिक्ष क्षमताओं का इस्तेमाल दवा और वैक्सीन के क्षेत्र में नई संभावनाएं तलाशने के लिए करना चाहता है। इस दिशा में विज्ञानियों, बायोटेक कंपनियों और स्टार्टअप ने माइक्रोग्रैविटी यानी बहुत कम गुरुत्वाकर्षण वाली स्थिति में शोध की तैयारी तेज कर दी है। इसका मकसद ऐसी नई तकनीक और दवाएं विकसित करना है, जिनसे भविष्य में इलाज के बेहतर विकल्प मिल सकें।

बेंगलुरु में 19 नवंबर को आयोजित टेक समिट में अंतरिक्ष में दवाओं के निर्माण और परीक्षण की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। चैनल न्यूज एशिया की रिपोर्ट के अनुसार, सम्मेलन में शोधकर्ताओं, नीति निर्माताओं और उद्यमियों ने विचार किया कि भारत का प्रस्तावित अंतरिक्ष ढांचा बायोटेक्नोलाजी और फार्मा क्षेत्र के शोध को किस तरह आगे बढ़ा सकता है।

भारत को दुनिया की फार्मेसी कहा जाता है। देश दुनियाभर में सस्ती दवाओं और टीकों की आपूर्ति करता है। अब इसी मजबूत फार्मा उद्योग को अंतरिक्ष कार्यक्रम से जोड़ने की कोशिश हो रही है। विज्ञानियों का मानना है कि अंतरिक्ष में मौजूद माइक्रोग्रैविटी का वातावरण दवाओं के विकास से जुड़े कुछ ऐसे प्रयोगों का अवसर दे सकता है, जिन्हें पृथ्वी पर करना मुश्किल है।

दरअसल, पृथ्वी का गुरुत्वाकर्षण प्रोटीन क्रिस्टल बनने की प्रक्रिया को प्रभावित करता है। ये क्रिस्टल प्रोटीन की आणविक संरचना को समझने में अहम भूमिका निभाते हैं। अंतरिक्ष में गुरुत्वाकर्षण का प्रभाव बहुत कम होने के कारण कुछ प्रोटीन क्रिस्टल अधिक व्यवस्थित ढंग से विकसित हो सकते हैं। इससे विज्ञानी उनकी संरचना का अधिक बारीकी से अध्ययन कर सकते हैं। यह जानकारी दवाओं के डिजाइन और नई उपचार पद्धतियों के विकास में मददगार हो सकती है।

इस क्षेत्र में देश की प्रमुख बायोफार्मा कंपनी बायोकान भी संभावनाएं देख रही है। कंपनी की कार्यकारी अध्यक्ष किरण मजूमदार शा के मुताबिक, अंतरिक्ष तकनीक आणविक संरचनाओं को समझने और उनमें बदलाव से जुड़ी संभावनाओं को तलाशने में मदद कर सकती है। इससे नए अणुओं, बौद्धिक संपदा और दवा विकास की बेहतर प्रक्रियाओं के लिए रास्ते खुल सकते हैं।

अंतरिक्ष आधारित जैविक शोध में दुनिया की बढ़ती दिलचस्पी के पीछे एक और वजह है। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के 2030 के आसपास सेवानिवृत्त होने की उम्मीद है। ऐसे में कई देश और निजी कंपनियां भविष्य की जरूरतों को देखते हुए व्यावसायिक अंतरिक्ष प्रयोगशालाएं विकसित करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

भारत भी प्रस्तावित भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन के जरिए इस क्षेत्र में अपनी जगह बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके 2035 तक पूरी तरह से काम शुरू करने की उम्मीद है। सम्मेलन में आयोजित 'स्पेस बायो संगोष्ठी' में विशेषज्ञों ने चर्चा की कि भविष्य में यह स्टेशन अंतरराष्ट्रीय जैव प्रौद्योगिकी और दवा अनुसंधान के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में कैसे उभर सकता है।

हालांकि, विज्ञानियों का मानना है कि इसके लिए भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन के पूरी तरह तैयार होने का इंतजार जरूरी नहीं है। माइक्रोग्रैविटी में शोध के लिए जरूरी प्रयोग उससे पहले भी शुरू किए जा सकते हैं। इससे भारत को अंतरिक्ष आधारित दवा अनुसंधान के क्षेत्र में शुरुआती बढ़त हासिल करने का अवसर मिल सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।