एथनॉल सेक्टर का छिपा संकट: ज्यादा क्षमता, कम मांग व बैंक लोन का बढ़ता बोझ
भारत के एथनॉल बाजार में उत्पादन क्षमता और मांग के बीच बड़ा अंतर एक गंभीर संकट पैदा कर रहा है, जिससे बैंकों के एक लाख करोड़ रुपये के कर्ज पर खतरा मंडरा रहा है।

सांकेतिक तस्वीर।
जयप्रकाश रंजन, नई दिल्ली। भारत के एथनॉल बाजार में एक नई और गंभीर समस्या उभर रही है, जिसकी चर्चा अभी उतनी नहीं हो रही। एक तरफ देश में एथनॉल उत्पादन क्षमता तेजी से बढ़कर 2,000 करोड़ लीटर प्रति वर्ष (करीब 478 प्लांट) से ज्यादा हो गई है, नए प्लांट लगाने का सिलसिला बढ़ता ही जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ मौजूदा मांग इससे काफी कम है।
यह अतिरिक्त क्षमता एक बड़ा कारण है कि सरकार ई-20 पर चौतरफा दबाव के बावजूद देश में दोबारा ई-0 (शुद्ध पेट्रोल) या ई-10 (10 फीसद एथनॉल मिश्रित पेट्रोल) की बिक्री शुरू करने के सुझावों को एक सिरे से खारिज कर रही है।
इस सेक्टर को बैंकों ने एक लाख करोड़ रुपये का कर्ज दे रखा है। अगर ब्लेंडिंग घटाई गई तो हजारों करोड़ के बैंक लोन और निवेश डूबने का खतरा पैदा हो जाएगा। पेट्रोलियम मंत्रालय की तरफ से संसद में उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक वर्तमान में भारत की स्थापित एथनॉल उत्पादन क्षमता लगभग 2,000 से 2,019 करोड़ लीटर प्रति वर्ष है।
इसमें सबसे आगे महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक हैं। जबकि केअर एज रेटिंग्स की रिपोर्ट बताती है कि एथनॉल निर्माण की चालू वित्त वर्ष तक उत्पादन क्षमता में 400 करोड़ लीटर और जुड़ने की उम्मीद है। यानी कुल क्षमता 2,400 करोड़ लीटर के आसपास पहुंच सकती है। यह क्षमता 2014 के लगभग 421 करोड़ लीटर से चार गुना से भी ज्यादा बढ़ चुकी है।
अब अगर मांग की स्थिति को देखें तो सबसे ज्यादा उपभोग पेट्रोल ब्लेंडिंग के लिए होता है। ई-20 ब्लेंडिंग के लिए चालू वित्त वर्ष के दौरान 1,200 करोड़ लीटर एथनॉल की जरूरत पड़ने की उम्मीद है। इसके अलावा औद्योगिक, फार्मा, केमिकल आदि क्षेत्रों से अधिकतम 350 करोड़ लीटर की मांग आने की संभावना है। इस तरह से कुल प्रभावी मांग लगभग 1,550 करोड़ लीटर के आसपास बैठती है।
साफ है कि उपलब्ध क्षमता का एकबड़ा हिस्सा बेकार पड़ा रह जाता है। दिसंबर 2025 से देशभर में लगातार ई-20 पेट्रोल की ही बिक्री हो रही है, फिर भी मांग क्षमता के मुकाबले पिछड़ रही है। एथनॉल उद्योग से जुड़े लोग बताते हैं कि 700 करोड़ लीटर की अतिरिक्त क्षमता के बावजूद 700-800 करोड़ लीटर की सालाना निर्माण क्षमता लगाने की तैयारी है।
पश्चिम एशिया संघर्ष के बाद अप्रैल, 2026 में केंद्र सरकार की तरफ से यह संकेत दिया गया कि एथनॉल ब्लेंडिंग की मात्रा बढ़ाई जाएगी। पेट्रोलियम मंत्रालय ने दिसंबर, 2026 तक 500 पेट्रोल पंपों पर ई-85 (85 फीसद मिश्रित पेट्रोल) की बिक्री शुरू करने की बात कही है।
लेकिन इसके बाद जिस तरह से पूरे देश में ई-20 को लेकर विवाद शुरू हो गया और विपक्ष की तरफ से इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश हो रही है, उससे सरकार की तैयारियों में कुछ सुस्ती दिखने लगी है।
पेट्रोलियम मंत्रालय की तरफ से दोबारा ई-10 या ई-0 की तरफ लौटने से साफ मना करने के बावजूद वित्त मंत्रालय के प्रमुख आर्थिक सलाहकार वी अनंथ नागेश्वरन ने आलेख लिख कर फिर से ई-10 व ई-0 की बिक्री शुरू करने की सलाह दी है।
उद्योग जगत के सूत्रों का कहना है कि भारत में एथनॉल निर्माण की जो क्षमता अभी तक लग चुकी है उसका पूरा इस्तेमाल तभी होगा जब ई-30 या ज्यादा एथनॉल मिश्रित पेट्रोल की बिक्री शुरू हो। अभी जिस रफ्तार से मांग बढ़ रही है उसके हिसाब से वर्ष 2029-30 तक 1,600 करोड़ लीटर एथनॉल की ही मांग होगी। लेकिन यह वृद्धि धीरे-धीरे होने वाली है।
तब तक अतिरिक्त क्षमता का बोझ उद्योग और बैंकों पर बना रहेगा। निर्यात एक विकल्प है लेकिन इस बारे में भी सरकार की तरफ से कोई स्पष्टता नहीं आई है। गन्ना, मक्का, अनाज से बने एथनॉल के निर्यात अभी प्रतिबंधित हैं। कृषि अवशेष, बायोमास से निर्मित इथनाल के निर्यात की अनुमति सितंबर 2025 से दी गई है लेकिन बहुत प्रगति नहीं हुई है।
तंजानिया, अंगोला, केन्या, इराक या नेपाल को कुछ मात्रा में एथनॉल गया है जो 10 करोड़ लीटर के आसपास है। उद्योग जगत सरकार से मांग कर रहा है कि वह नेपाल, इंडोनेशिया जैसे देशों से बात करके निर्यात की संभावनाएं तलाश करे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।