'ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं', भारत ने सैन्य उड़ानों के लिए नेपाल के हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करने की खबरों को किया खारिज
भारत ने उन मीडिया रिपोर्टों को खारिज किया है जिनमें दावा किया गया था कि उसने सैन्य विमानों के लिए नेपाल के हवाई क्षेत्र का उपयोग करने की अनुमति मांगी है।

भारत ने सैन्य उड़ानों के लिए नेपाल के हवाई क्षेत्र के उपयोग की खबरों को बताया निराधार (फोटो-IAF)
HighLights
भारत ने सैन्य विमानों के लिए नेपाल के हवाई क्षेत्र की मांग को नकारा।
मीडिया रिपोर्टों को आधिकारिक सूत्रों ने पूरी तरह से निराधार बताया।
नेपाल के पीएम बालेन शाह की भारत यात्रा से पहले यह स्पष्टीकरण।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने नेपाल से अपने सैन्य विमानों के लिए बागडोगरा एंट्री पॉइंट का इस्तेमाल करने की अनुमति मांगने का मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था। इन मीडिया रिपोर्टों को आधिकारिक सूत्रों ने पूरी तरह से गलत और निराधार बताया है।
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, सूत्रों ने रविवार को स्पष्ट किया कि भारत की ओर से ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं दिया गया है।
हवाई संपर्क को लेकर चल रही थीं चर्चाएं
यह स्पष्टीकरण नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की 22-23 नवंबर की भारत यात्री की ठीक पहले आया है। इससे पहले कुछ मीडिया रिपोर्टों में यह दावा किया गया था कि दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क बढ़ाने की चर्चा के तहत भारत पश्चिम बंगाल के बागडोगरा हवाई अड्डे से आने-जाने वाली नागरिक उड़ानों और सैन्य विमानों के लिए नेपाली एयरस्पेस के इस्तेमाल की अनुमति मांग रहा है।
हालांकि, सूत्रों ने सैन्य विमानों से जुड़े किसी भी प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया है।
बालेन शाह की पहली भारत यात्रा
पीएम मोदी के निमंत्रण पर नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। 2026 में नेपाल के प्रधानमंत्री का पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा और पहला द्विपक्षीय विदेश यात्रा है।
23 नवंबर को होगी द्विपक्षीय वार्ता
नेपाल के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, बालेन शाह नेपाल एयरलाइंस के विमान से भारत आएंगे। इस उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल में उनके साथ वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
अपनी यात्रा के दौरान बालेन शाह 23 नवंबर को पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस बातचीत में दोनों नेताओं द्वारा भारत-नेपाल संबंधों की समीक्षा करने, अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने और आपसी हित के क्षेत्रीय-अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा किए जाने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।