भारत में एक सांसद पर 26.3 लाख नागरिकों के प्रतिनिधित्व का दबाव, अमेरिका से तीन गुना ज्यादा बोझ; क्यों जरूरी है परिसीमन?
भारत में परिसीमन पर राजनीतिक बहस तेज है, जहां विपक्षी दल इसे चुनावी लाभ के लिए निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण का प्रयास बता रहे हैं।

सांसदों पर बढ़ता प्रतिनिधित्व का बोझ और लोकतांत्रिक चुनौतियां (फोटो-PTI)
HighLights
भारतीय सांसद पर 26.3 लाख नागरिकों का प्रतिनिधित्व का भारी दबाव।
अमेरिका के सांसदों से भारत में तीन गुना अधिक प्रतिनिधित्व का बोझ।
लोकतंत्र में समान प्रतिनिधित्व के लिए परिसीमन प्रक्रिया महत्वपूर्ण।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत में परिसीमन को लेकर एक बार फिर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी दलों का आरोप है कि भाजपा परिसीमन के जरिये निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव कर राजनीतिक लाभ हासिल करना चाहती है।
विपक्ष इसे जेरीमैंडरिंग यानी चुनावी फायदे के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण की कोशिश बता रहा है। हालांकि, इस राजनीतिक बहस का एक दूसरा और अधिक महत्वपूर्ण पहलू भी है। वह है देश की बढ़ती आबादी के मुकाबले संसदीय प्रतिनिधित्व का लगातार कमजोर पड़ना।
दुनिया के प्रमुख लोकतंत्रों से तुलना करें तो भारत की स्थिति काफी अलग नजर आती है। अमेरिका में एक निर्वाचित सांसद औसतन 8.02 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करता है, जबकि भारत में एक लोकसभा सांसद पर औसतन 26.3 लाख नागरिकों की जिम्मेदारी है। यानी भारत में एक सांसद को अमेरिका के मुकाबले करीब 3.3 गुना अधिक आबादी का प्रतिनिधित्व करना पड़ता है।
भारत की लगभग 142 करोड़ अनुमानित आबादी के मुकाबले लोकसभा में निर्वाचित सदस्यों की संख्या 543 है। यह अंतर बताता है कि देश में संसदीय प्रतिनिधित्व के सामने कितनी बड़ी चुनौती है। ऐसे में परिसीमन केवल सीटें बढ़ाने की कवायद नहीं, बल्कि लोकतंत्र में समान प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का सवाल भी है।
प्रमुख लोकतंत्रों से तुलना में भारत की स्थिति दुनिया के दूसरे लोकतांत्रिक देशों के आंकड़े भी इस अंतर को स्पष्ट करते हैं। आइसलैंड में एक सांसद औसतन 6,390 नागरिकों, लक्जमबर्ग में 11,460 और फिनलैंड में 28,110 नागरिकों का प्रतिनिधित्व करता है। ब्रिटेन में यह संख्या करीब 1.08 लाख, जर्मनी में 1.33 लाख और जापान में 2.63 लाख है।
अमेरिका की 34.90 करोड़ आबादी के लिए वहां की प्रतिनिधि सभा में 435 निर्वाचित सदस्य हैं। इस हिसाब से एक प्रतिनिधि पर औसतन 8.02 लाख लोगों की जिम्मेदारी आती है। इसके मुकाबले भारत में यह आंकड़ा 26.3 लाख है। लोकसभा सीटों की संख्या 850 होने की स्थिति में ये आंकड़ा लगभग 17 लाख हो सकता है।
अब तक चार बार हो चुका है परिसीमन
भारत में अब तक 1952, 1963, 1973 और 2002 में परिसीमन आयोगों का गठन किया जा चुका है। आखिरी परिसीमन आयोग का गठन 2002 में तत्कालीन अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के कार्यकाल में हुआ था। इसकी सिफारिशों के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की नई सीमाएं 2008 में तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार के कार्यकाल में लागू की गईं।
परिसीमन का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण करना और उनमें लगभग समान आबादी सुनिश्चित करना है। इसके लिए परिसीमन आयोग का गठन किया जाता है। राजनाथ, सचिन पायलट जैसे नेताओं के क्षेत्र प्रभावित हुए 2008 के परिसीमन में कई बड़े नेताओं के निर्वाचन क्षेत्र प्रभावित हुए थे।
तत्कालीन लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी और केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल के निर्वाचन क्षेत्र आरक्षित हो गए थे। लालू प्रसाद यादव का छपरा निर्वाचन क्षेत्र समाप्त हो गया था। भाजपा नेता राजनाथ सिंह की विधानसभा सीट हैदरगढ़ अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हो गई थी। कांग्रेस नेता सचिन पायलट को भी दौसा सीट आरक्षित होने के कारण अजमेर से चुनाव लड़ना पड़ा था।
हिमाचल प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को बमसान सीट छोड़नी पड़ी थी, क्योंकि परिसीमन के बाद वह आरक्षित हो गई थी। परिसीमन की प्रक्रिया किसी राजनीतिक दल या सरकार के सीधे नियंत्रण में नहीं होती।
आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के वर्तमान या सेवानिवृत्त न्यायाधीश करते हैं। इसमें निर्वाचन आयोग के अधिकारी भी शामिल होते हैं, जबकि सांसद और विधायक सलाहकार की भूमिका निभाते हैं। आयोग मसौदा सार्वजनिक करता है, लोगों की आपत्तियां सुनता है और उसके बाद अंतिम आदेश जारी करता है, जो बाध्यकारी होता है।
वर्ष 2008 में आयोग ने 24 राज्यों में 130 जनसुनवाई की थीं और करीब 7,200 लोगों की आपत्तियां सुनी थीं। जम्मू-कश्मीर और असम के उदाहरण भी महत्वपूर्ण जम्मू-कश्मीर और असम में हुए परिसीमन के उदाहरण भी इस बहस के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। जम्मू-कश्मीर में परिसीमन का विरोध हुआ था।
नई व्यवस्था में 90 विधानसभा सीटों में से 47 कश्मीर क्षेत्र और 43 जम्मू क्षेत्र को मिलीं। इसके बाद हुए विधानसभा चुनाव में नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन ने कुल 48 सीटें जीतकर सरकार बनाई। वहीं, असम में परिसीमन के बाद 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने 2019 के बराबर सीटें जीतीं।
असल सवाल यह नहीं है कि परिसीमन किस सरकार के कार्यकाल में हो रहा है, बल्कि यह है कि क्या देश की बढ़ती आबादी को संसद में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिल रहा है? जब एक भारतीय सांसद पर औसतन 26.3 लाख नागरिकों के प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी है, तब परिसीमन की जरूरत को नकारना समस्या का समाधान नहीं हो सकता।
हालांकि, इसके साथ ही राजनीतिक पक्षपात की आशंकाओं को दूर करना, निर्वाचन क्षेत्रों का पारदर्शी निर्धारण और न्यायिक निगरानी की व्यवस्था भी जरूरी है। लोकतंत्र में परिसीमन राजनीतिक सुविधा का नहीं, बल्कि हर नागरिक को समान प्रतिनिधित्व देने का विषय होना चाहिए।
2024 के आम चुनाव में सर्वाधिक मतदाताओं वाले निर्वाचन क्षेत्र
| क्र. | निर्वाचन क्षेत्र | राज्य | मतदाता (लाख में) |
|---|---|---|---|
| 1 | मलकागिरी | तेलंगाना | 37.8 |
| 2 | बेंगलुरु उत्तरी | कर्नाटक | 32.2 |
| 3 | गाजियाबाद | उत्तर प्रदेश | 29.5 |
| 4 | चेवेल्ला | तेलंगाना | 29.4 |
| 5 | बेंगलुरु ग्रामीण | कर्नाटक | 28.0 |
स्रोत: ईसीआइ एटलस, 2024
प्रति सांसद एक लाख से ज्यादा आबादी के प्रतिनिधित्व वाले देश
| क्र. | देश | प्रतिनिधित्व (लाख में) |
|---|---|---|
| 1 | अमेरिका | 8.02 |
| 2 | ब्राजील | 4.16 |
| 3 | जापान | 2.63 |
| 4 | ताइवान | 2.04 |
| 5 | आस्ट्रेलिया | 1.82 |
| 6 | इटली | 1.47 |
| 7 | जर्मनी | 1.33 |
| 8 | फ्रांस | 1.20 |
| 9 | कनाडा | 1.18 |
| 10 | यूके | 1.08 |
स्रोत: पीटीआई
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।