युद्ध के हालात में कितना सुरक्षित है देश का रक्षा नेटवर्क? संसदीय समिति करेगी बड़ी समीक्षा
संसदीय समिति युद्ध जैसी परिस्थितियों में देश के रक्षा प्रतिष्ठानों की ऊर्जा और संचार सुरक्षा, साइबर व अंतरिक्ष युद्ध की तैयारियों की पड़ताल करेगी।

युद्ध की स्थिति में रक्षा प्रतिष्ठानों की ऊर्जा और संचार सुरक्षा परखेगी संसदीय समिति। (फोटो- AI जेनरेटेड)
HighLights
रक्षा प्रतिष्ठानों की ऊर्जा और संचार सुरक्षा जांचेगी समिति।
साइबर, अंतरिक्ष युद्ध और एआई उपयोग की तैयारियों का आकलन।
सेना की तैयारी, स्वदेशी उत्पादन, सैनिक कल्याण पर भी ध्यान।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। युद्ध जैसी परिस्थितियों में देश के रक्षा प्रतिष्ठानों को ऊर्जा और संचार की निर्बाध आपूर्ति कैसे सुनिश्चित की जाए, उनकी सुरक्षा कितनी मजबूत है और आधुनिक युद्ध की चुनौतियों से निपटने के लिए सेना कितनी तैयार है, इन अहम सवालों की पड़ताल अब संसदीय समिति करेगी।
रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने वर्ष 2026-27 के लिए 28 विषयों को अपनी समीक्षा के लिए चुना है। इनमें साइबर युद्ध, अंतरिक्ष युद्ध और रक्षा क्षेत्र में आर्टिफिशियर इंटेलिजेंस (एआइ) के इस्तेमाल की तैयारियां भी शामिल हैं।
लोकसभा सचिवालय की ओर से गुरुवार को जारी बुलेटिन के अनुसार, समिति युद्ध जैसी स्थिति में रक्षा प्रतिष्ठानों की ऊर्जा सुरक्षा और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की मजबूती का आकलन करेगी।
साथ ही, सैन्य संचार नेटवर्क को सुरक्षित रखने और आपात परिस्थितियों में उसकी कार्यक्षमता बनाए रखने में विभिन्न एजेंसियों की भूमिका भी जांच के दायरे में होगी।
समिति थल सेना, वायुसेना और नौसेना की रक्षा तैयारियों के साथ तटीय सुरक्षा में भारतीय तटरक्षक बल की भूमिका की समीक्षा करेगी। हवाई युद्ध की चुनौतियों से निपटने की क्षमता और साइबर सुरक्षा के लिए किए जा रहे उपायों का भी जायजा लिया जाएगा।
स्वदेशी रक्षा उत्पादन और सैनिक कल्याण पर भी नजर
समिति की समीक्षा में केवल सैन्य तैयारियां ही नहीं, बल्कि रक्षा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और सैनिकों की सुविधाएं भी शामिल हैं। कठिन और दूरदराज के सीमावर्ती इलाकों में तैनात जवानों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, पूर्व सैनिकों के पुनर्वास और शिकायत निवारण व्यवस्था की समीक्षा होगी।
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं, सैन्य अभियंत्रण सेवा तथा रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की परियोजनाओं की प्रगति भी जांची जाएगी।
इसके अलावा रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता, सरकारी और निजी क्षेत्र की भागीदारी, रक्षा सार्वजनिक उपक्रमों के आधुनिकीकरण और स्वदेशी तकनीक के विकास पर भी ध्यान दिया जाएगा।
सशस्त्र बलों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, सैनिकों के प्रशिक्षण, मानवीय सहायता एवं बचाव अभियानों की तैयारी, रक्षा खरीद में गुणवत्ता नियंत्रण और रक्षा प्रतिष्ठानों की संपत्तियों के बेहतर इस्तेमाल जैसे विषय भी समिति की समीक्षा में शामिल हैं।
सोर्स- न्यूज एजेंसी PTI के इनपुट के अनुसार