India Coronavirus News Updates: देश में कोरोना के 26,506 नए केस, 62.42 फीसद लोग हुए ठीक
India Coronavirus Updates देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 7 लाख 93 हजार 802 हुई।
नई दिल्ली, एएनआइ। भारत में कोरोना वायरस के लगातार 20 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। पहली बार एक दिन में कोरोना वायरस के 26 हजार नए मामले सामने आने के साथ ही देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या आठ लाख के करीब पहुंच गई है। इसके साथ ही देश में वायरस से स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। बीते 24 घंटों में कोरोना से संक्रमित 19,135 लोग पूरी तरह से ठीक हुए हैं। देश में 62.42 फीसद लोग कोरोना वायरस से अबतक ठीक हो चुके हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस के 26,506 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 447 लोगों की मौत हुई है। देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 7 लाख 93 हजार 802 हो गई है। इसमें से 2 लाख 76 हजार 685 एक्टिव मामले हैं, जबकि 4 लाख 895 हजार 513 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। देश में अब तक कुल 21,604 लोगों की जान जा चुकी है।
बीते 24 घंटों के दौरान हुई 475 लोगों की मौत हुई है। इसमें से महाराष्ट्र में 219 लोगों की मौत हुई है। तमिलनाडु में 65 लोगों की मौत, दिल्ली में 45 लोगों की मौत, पश्चिम बंगाल में 27 लोगों की मौत, उत्तर प्रदेश में 17 लोगों की मौत, कर्नाटक में 16 लोगों की मौत, गुजरात में 15 लोगों की मौत, आंध्र प्रदेश में 13 लोगों की मौत, राजस्थान में 9 लोगों की मौत, बिहार में आठ लोगों की मौत, तेलंगाना में सात लोगों की मौत, असम में छह लोगों की मौत, हरियाणा, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पंजाब में पांच-पांच लोगों की मौत, ओडिशा में चार लोगों की मौत, छत्तीसगढ़, गोवा, झखण्ड और मेघालय में एक-एक लोगों की मौत।
कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित महाराष्ट्र में संक्रमित लोगों की संख्या 2 लाख 30 हजार के पार पहुंच गई है। राज्य में 6875 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 219 लोगों की इस दौरान मौत भी हुई है। 24 घंटे में 4,067 लोग ठीक भी हुए हैं। अब तक कुल 9,667 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी दिल्ली में कोरोना पीड़ितो के ठीक होने की रफ्तार काफी तेज हो गई हैं। अब तक 78,1161 लोग ठीक हो चुके हैं। राज्य में इस समय 21,567 मामले सक्रिय हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार दिल्ली में मृतकों का कुल आंकड़ा 3258 हो चुका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि आज भारत में रोज 2,70,000 तक कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। हम सभी राज्य सरकारों को कह रहे हैं कि ज्यादा से ज्यादा टेस्ट करें। उन्होंने कहा कि दुनिया में सबसे कम मृत्यु दर 2.72 फीसद होने के बाद भी हम राज्य सरकारों को लक्ष्य दे रहे हैं कि इसे 1 फीसद से कम लेकर आना है। आइसीएमआर के अनुसार, देश में अब तक कुल 1 करोड़ 10 लाख 24 हजार 491 नमूनों की जांच की जा चुकी है।