विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सेनाओं की युद्धक तैयारी को मिलेगी मजबूती, ₹52000 करोड़ के रक्षा खरीद प्रस्ताव को मिली मंजूर

Published: Fri, 03 Jul 2026 11:51 PM (IST)

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में रक्षा खरीद परिषद ने सेनाओं के लिए लगभग 52,000 करोड़ रुपये के खरीद प्रस्तावों को सैद्धांतिक मंजूरी दी।

रक्षा खरीद परिषद ने 52,000 करोड़ के सैन्य खरीद प्रस्तावों को मंजूरी दी

रक्षा खरीद परिषद ने 52,000 करोड़ के सैन्य खरीद प्रस्तावों को मंजूरी दी

HighLights

  1. रक्षा खरीद परिषद ने 52,000 करोड़ के सैन्य खरीद प्रस्तावों को मंजूरी दी

  2. सेना, नौसेना, वायुसेना की युद्धक क्षमता बढ़ाने पर जोर

  3. एंटी-यूएवी 'आकाश तरंग' और MPATGM जैसी प्रणालियां खरीदी जाएंगी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में रक्षा खरीद परिषद (डीएसी) ने शुक्रवार को सेनाओं के लिए लगभग 52,000 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले विभिन्न खरीद प्रस्तावों के लिए 'आवश्यकता की स्वीकृति' यानी सैद्धांतिक प्रशासनिक मंजूरी प्रदान कर दी।

रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, भारतीय सेना के लिए एंटी-यूएवी इलेक्ट्रानिक युद्धक प्रणाली 'आकाश तरंग', व्यक्ति द्वारा ले जा सकने वाली एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल (एमपीएटीजीएम) प्रणाली, मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल (एमआरएसएएम) हथियार प्रणाली, बहुत कम दूरी की वायु रक्षा प्रणाली (वी-एसएचओआरएडीएस), टैंकों के लिए सक्रिय सुरक्षा प्रणाली और जेट-आधारित कैमिकेज ड्रोन प्रणाली की खरीद को मंजूरी दी गई है।

'आकाश तरंग' सेना की टुकड़ियों को प्रभावी एंटी-यूएवी सुरक्षा प्रदान करेगा। एमपीएटीजीएम दुश्मन के मशीनीकृत खतरों का मुकाबला करने की पैदल सेना की क्षमता को बढ़ाएगा। एमआरएसएएम प्रणाली बहुत दूर से हवाई हमलों के कई तरह के खतरों के विरुद्ध मध्यम-दूरी की हवाई सुरक्षा प्रदान करती है।

मल्टी-स्पेक्ट्रल सेंसिंग वाला वी-एसएचओआरएडीएस भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई की क्षमता और प्रभावशीलता को बढ़ाएगा। सक्रिय सुरक्षा प्रणाली टैंकों के रक्षा तंत्र को बेहतर बनाने और उनके सुरक्षित रहने की क्षमता बढ़ाने में सक्षम होगा। जेट-अधारित कैमिकेज ड्रोन बेहतर इलेक्ट्रानिक युद्धक क्षमता के साथ-साथ अधिक घातक व सुरक्षित होने के साथ-साथ किफायती भी हैं।

नौसेना के लिए मल्टी इन्फ्लुएंस ग्राउंड माइन (एमआइजीएम), नेवल शिपबोर्न अनमैन्ड एरियल सिस्टम (एनएसयूएएस) की खरीद और इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन सिस्टम के लिए भूमि आधारित परीक्षण केंद्र (एलबीटीएफ) स्थापित करने को मंजूरी दी गई है। एडवांस्ड सेंसर से लैस एनएसयूएएस नौसेना की स्थिति के बारे में जागरूकता बढ़ाएगा।

एलबीटीएफ नौसेना की संपत्तियों की मोटरों और संबंधित प्रोपल्शन सिस्टम की परीक्षण आवश्यकताओं को पूरा करेगा। वायुसेना के लिए फिक्स्ड-विंग बेस्ड हाई एल्टीट्यूड स्यूडो सैटेलाइट (एफडब्ल्यू-एचएपीएस) और अन्य प्रस्तावों की खरीद को स्वीकृति दी गई। एफडब्ल्यू-एचएपीएस वायुसेना के लिए लगातार खुफिया जानकारी, निगरानी और टोह लेने (आईएसआर) की गतिविधियों, टेलीकम्युनिकेशन और रिमोट सेंसिंग का काम करेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।