विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संसद के विशेष सत्र से पहले बढ़ी सियासी हलचल: आज INDI गठबंधन की अहम बैठक; शरद पवार गुट ने बनाई दूरी

Published: Fri, 27 Nov 2026 11:32 PM (IST)Updated: Sat, 28 Nov 2026 12:06 AM (IST)

संसद के विशेष सत्र से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है, जहां कांग्रेस परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर अपनी रणनीति बना रही है। वहीं, INDI गठबंधन की अहम बैठक में आंतरिक मतभेद और कुछ दलों की दूरी चिंता का विषय बनी हुई है।

संसद के विशेष सत्र से पहले इंडी गठबंधन की अहम बैठक (फाइल फोटो- सोशल मीडिया, इंस्टाग्राम/rahulgandhi)

संसद के विशेष सत्र से पहले इंडी गठबंधन की अहम बैठक (फाइल फोटो- सोशल मीडिया, इंस्टाग्राम/rahulgandhi)

HighLights

  1. कांग्रेस ने परिसीमन और महिला आरक्षण पर अपनी रणनीति तय की।

  2. INDIA गठबंधन की बैठक में आंतरिक मतभेद और बिखराव दिखा।

  3. शरद पवार गुट और द्रमुक ने गठबंधन की बैठक से दूरी बनाई।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। संसद के 30 नवंबर से चार दिनों के लिए बुलाए गए विशेष सत्र में परिसीमन एवं महिला आरक्षण विधेयक को लेकर इस बार सरकार की पुख्ता तैयारी से यूं तो विपक्ष भी हताश है, लेकिन वह लड़ाई में दिखने की कोशिश जरूर कर रहा है।

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं रणनीतिक समूह के साथ इसे लेकर अहम बैठक की। वहीं विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए में शामिल दलों के नेताओं की बैठक शनिवार सुबह 11.30 बजे बुलाई गई है।

इसके साथ ही कांग्रेस ने अपने सभी सांसदों को 29 नवंबर तक दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए हैं।सोनिया गांधी ने नेतृत्व में हुई पार्टी नेताओं की बैठक के बाद पार्टी नेता गौरव गोगई ने बताया कि पार्टी का रुख शुरू से स्पष्ट रहा है। वह चाहती है कि अगले 25 वर्षों तक लोकसभा की मौजूदा स्थिति बरकरार रखी जाए। यानी सीटें न बढ़ाई जाएं।

साथ ही लोकसभा में राज्यों के बीच के मौजूदा संतुलन को बनाए रखा जाए। रही बात महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण देने की, तो उसे 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू किया जाए। इसमें भी एससी-एसटी आरक्षण को लागू किया जाए।

उन्होंने कहा कि यदि विशेष सत्र में इससे हटकर विधेयक लाया जाता है, तो कांग्रेस उसका पुरजोर विरोध करेगी। बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल थे।

इंडी गठबंधन में दिखने लगा बिखराव

विशेष सत्र से पहले आइएनडीआइए में बिखराव भी दिखने लगा है। कांग्रेस को गठबंधन के घटक दलों का ही साथ नहीं मिल रहा है, बल्कि एक-एक करके दल उससे अलग भी हो रहे हैं। द्रमुक पहले ही इस गठबंधन से अलग हो चुकी है।

अब राकांपा (शरदचंद्र पवार) गुट की नेता सुप्रिया सुले ने भी शनिवार को गठबंधन की होने वाली बैठक में शामिल नहीं होने का एलान किया है। वाईएसआरसीपी यूं तो गठबंधन का हिस्सा नहीं है, लेकिन एसआइआर वाले मुद्दे पर उसके रुख को देखते हुए कांग्रेस उनमें भी साथी देख रही थी। उसकी ओर से भी निराशा मिली है।

माना जा रहा है कि वाईएसआरसीपी ने परिसीमन को समर्थन देने पर हामी भर दी है। हालांकि अभी भी आइएनडीआइए नेताओं की ओर से शरद पवार गुट और द्रमुक से बात करने की कोशिश हो रही है, लेकिन बात बनती नहीं दिख रही है। ऐसे में यह भी चुनौती है कि बाकी साथी दलों के सभी सदस्य वोटिंग के समय मौजूद हों। अन्यथा यह लड़ाई और कमजोर हो जाएगी।

शनिवार को बैठक में इन मुद्दों पर और चर्चा होगी और संभवत:ममता बनर्जी को द्रमुक के साथ बात करने को कहा जाएगा। सूत्रों का कहना है कि खरगे के आवास पर होने वाली आइएनडीआइए की बैठक में गठबंधन के सभी दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। उनके अलावा उन विपक्षी दलों को भी आमंत्रित किया गया है तो गठबंधन में शामिल नहीं हैं, इनमें द्रमुक के साथ-साथ आम आदमी पार्टी और बीजू जनता दल शामिल हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।