पश्चिम एशिया संकट पर विपक्ष का साथ चाहती है सरकार, सर्वदलीय बैठक में बनेगी रणनीति
सरकार ने पश्चिम एशिया संकट पर सर्वदलीय बैठक बुलाई है ताकि एकजुट होकर इसका सामना किया जा सके। प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यसभा में इस बहुआयामी और दीर्घकालिक संकट से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यसभा में साफ कर दिया कि यह संकट न सिर्फ बहुआयामी है, बल्कि इसका असर लंबे समय तक रह सकता है

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में युद्ध से उत्पन्न संकट का एकजुट होकर सामना करने पर सहमति बनाने के लिए सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यसभा में साफ कर दिया कि यह संकट न सिर्फ बहुआयामी है, बल्कि इसका असर लंबे समय तक रह सकता है।
उन्होंने इस संकट से निपटने के लिए एकजुट प्रयास की अपील भी की। सर्वदलीय बैठक को इसी दिशा में देखा जा रहा है। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार बुधवार को शाम पांच बजे बुलाई गई बैठक में सत्ताधारी भाजपा व उसके राजग सहयोगी दलों के साथ-साथ कांग्रेस और उसके सहयोगी विपक्षी दल के प्रमुख नेता शामिल होंगे।
एकजुटता बनाने की कोशिश
बैठक में पश्चिम एशिया में युद्ध से उत्पन्न संकट के विभिन्न आयामों और उससे निपटने के उपायों पर चर्चा होगी। सरकार की ओर से विपक्ष के सुझावों को शामिल करते हुए एकजुट प्रयास की रूपरेखा बनाने की कोशिश की जाएगी।
ध्यान देने की बात है कि कोरोना महामारी के दौरान भी सरकार की ओर से इसी तरह से एकजुटता बनाने की कोशिश की गई थी। सरकार ने इसी तरह सर्वदलीय बैठक कर सभी दलों को साथ लेने की कोशिश की थी।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी खुद लगातार मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर महामारी से निपटने के सामूहिक प्रयासों की समीक्षा कर रहे थे। नए संकट से निपटने के लिए प्रधानमंत्री ने कोरोना संकट की तरह से राज्यों से सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।